Advertisement

फर्जी मालिक बन 12 बीघा जमीन का सौदा कर दिया, 35 लाख ऐंठे

दलाल और फर्जी मालिक पर केस दर्ज

Advertisement

उज्जैन। माधवनगर थाना क्षेत्र में जमीन धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक शातिर जालसाज ने दलाल के साथ मिलकर खुद को जमीन का असली मालिक बताया और एक व्यक्ति से 35 लाख की मोटी रकम ऐंठ ली। जब पीडि़त परिवार जमीन देखने गांव पहुंचा, तब जाकर इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। माधवनगर पुलिस के मुताबिक ग्राम मानपुरा निवासी पीडि़त रविन्द्रसिंह तंवर ने कुछ महीने पहले अपनी पैतृक जमीन करीब डेढ़ करोड़ रुपये में बेची थी। वे नई जमीन खरीदने के लिए किसी अच्छी जगह की तलाश में थे। उनका संपर्क मंगलसिंह नाम के एक दलाल से हुआ। दलाल ने उन्हें घट्टिया तहसील के ग्राम सलामता में एक बेहतरीन जमीन होने की बात कही। रविन्द्रसिंह अपने भतीजे के साथ जमीन देखने ग्राम सलामता पहुंचे। वहां उन्होंने मोबाइल पर सरकारी रिकॉर्ड निकालकर उक्त जमीन का खसरा नंबर चेक किया, जो कि दिलीपसिंह के नाम पर दर्ज था।

रजिस्ट्रार कार्यालय में हुआ 35 लाख का लेनदेन

Advertisement

दलाल मंगलसिंह ने खरीदार को झांसे में लेने के लिए अगले ही दिन दिलीपसिंह बनकर आए एक अज्ञात व्यक्ति से मुलाकात कराई। दोनों पक्षों के बीच 12 बीघा जमीन का सौदा 1 करोड़ 39 लाख रुपये में तय हो गया। आरोपियों ने पहले टोकन अमाउंट के रूप में दिलीपसिंह के खाते में 95 हजार ट्रांसफर करवाए। इसके बाद 9 मई को भरतपुरी स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय में बकायदा अनुबंध (एग्रीमेंट) कराया गया, जहां रविन्द्रसिंह ने आरोपियों को 10 लाख रुपये नकद और 25 लाख रुपये का चेक (कुल 35 लाख से अधिक) सौंप दिए।

असली मालिक को देख उड़े होश, दलाल फरार

Advertisement

इसके बाद रविन्द्रसिंह के परिवार ने जमीन देखने की इच्छा जताई और वे ग्राम सलामता पहुंचे। गांव वालों से पूछताछ करते हुए जब वे खसरे में दर्ज नाम के आधार पर असली दिलीपसिंह के घर पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सामने आया दिलीपसिंह वह व्यक्ति था ही नहीं जिससे रजिस्ट्री दफ्तर में मुलाकात हुई थी। जब उससे जमीन के सौदे की बात की गई, तो असली मालिक ने अपनी जमीन बेचने से साफ इंकार कर दिया। ठगी का अहसास होते ही रविन्द्र ने तुरंत दलाल मंगलसिंह से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह अपना मोबाइल बंद कर गायब हो चुका था।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना: इस धोखाधड़ी की शिकायत पीडि़त ने माधवनगर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने फर्जी दिलीपसिंह और दलाल मंगलसिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें