बसंत पंचमी पर सरसों के पीले फूल अर्पित कर बाबा महाकाल का पूजन

By AV NEWS

सांदीपनि आश्रम में विद्या आरंभ संस्कार, अबूझ मुहूर्त में सैकड़ों जोड़े बंंधेंगे परिणय सूत्र में

उज्जैन। आज शिवयोग में बसंत पंचमी का पर्व मनाया जा रहा है। श्री महाकाल मंदिर में भस्म आरती में भगवान को सरसों के पीले फूल अर्पित किए गए। भगवान को केसरिया भोग लगाकर आरती की गई।

ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में तड़के 4:00 बजे भस्म आरती में भगवान महाकाल को पुजारियों ने सरसों के पीले फूल के रूप में वसंत अर्पित कर गुलाल चढ़ाया। गणतंत्र दिवस है, इसलिए तिरंगे के रंग भी श्रंगार में शामिल किए गए। भगवान श्री कृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम में बच्चों का विद्यारंभ संस्कार कराया गया। अबूझ मुहूर्त में शहर में अनेक स्थानों पर सामूहिक विवाह के आयोजन भी हो रहे हैं।

पंडित महेश पुजारी ने बताया भगवान महाकाल उज्जैन के राजा हैं, इसलिए सबसे पहले मंदिर में त्योहार मनाए जाते हैं। वसंत पंचमी का पर्व भी तड़के 4:00 बजे भस्मा आरती में मनाया गया। भगवान को केसर युक्त जल से स्नान कराया गयाl पश्चात सरसों के पीले फूल के रूप में वसंत अर्पित किया गया। साथ ही भगवान को केसरिया पकवानों का भोग लगाकर आरती की गई। भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम में वसंत पंचमी पर बच्चों का पाटी पूजन के साथ विद्यारंभ संस्कार हुआl

सांदीपनि आश्रम में विद्या आरंभ संस्कार का आयोजन किया गया। शहर के गुरुकुलों, आश्रम सहित स्कूल-कालेजों में भी मां सरस्वती का पूजन किया जा रहा है। वहीं मंदिरों में विशेष आयोजन हो रहे हैं।भगवान को भी पीले वस्त्र धारण कराए गए हैं। गोपाल मंदिर, पुष्टिमार्गीय वैष्णव मंदिरों में आज से चालीस दिवसीय फाग उत्सव की शुरुआत हुई। भगवान को गुलाल अर्पित किया गया। वहीं अबूझ मुहूर्त में विवाह समारोह हो रहे हैं।

बसंत पंचमी पर सर्वसेन समाज का सामूहिक विवाह समारोह नृसिंहघाट पर मेवाड़ा क्षत्रिय नायक धर्मशाला में आयोजित किया गया है।

दामोदरवंशीय जूना गुजराती समाज के सामूहिक विवाह समारोह में 20जोड़ेे परिणय सूत्र में बंधेंगे। पाटीदार समाह का सामूहिक विवाह समारोह मक्सी रोड पर हरसोदन में आयोजित किया गया है। बुधवार को नगर निगम द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत २८ जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान महापौर मुकेश टटवाल ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया। इसके अलावा शहर में कई परिवारों में विवाह समारोह आयोजित किए गए हैं।

Share This Article