भारत जोड़ो यात्रा: मालवा-निमाड़ की परंपरा-संस्कृति से होगा स्वागत-सत्कार

By AV NEWS

मालवी व्यंजन दाल-बाफले, लड्डू और कढ़ी परोसने की योजना…

उज्जैन। भारत जोड़ो यात्रा के आगमन की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है,वैसे-वैसे इसकी तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज होती जा रही है। राहुल गांधी और उनके साथ चल रहे १२५ यात्रियों का स्वागत-सत्कार मालवा-निमाड़ की परंपरा-संस्कृति से करने की योजना तैयार की गई है। उज्जैन में यात्रियों को मालवी व्यंजन दाल- दाल-बाफले लड्डू,कढ़ी परोसने का प्रस्ताव रखा गया है। टीम राहुल की अनुमति के बाद लंच मेन्यू का फायनल किया जाएगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की मध्यप्रदेश में एंट्री 23 नवंबर को होगी। महाराष्ट्र में जलगांव के जामोद से होते हुए यात्रा बुरहानपुर के बोदरली गांव पहुंचेगी। यात्रा 15 दिन में प्रदेश के 6 जिले बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा में घूमेगी। पहले यात्रा 20 नवंबर को मध्यप्रदेश आना तय था। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं की बैठक के बाद शेड्यूल में बदलाव किया गया। बाकी के कार्यक्रमों में बदलाव नहीं किया गया है। स्वागत के दौरान यात्रा को यहां की संस्कृति से रूबरू करवाया जाएगा।

तैयारियां जोरों पर

उज्जैन में 1 दिसंबर को पहुंचने वाली यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। राहुल 1 दिसंबर को सुबह 6 बजे कैम्प साइड से रवाना होकर 10 बजे इंदौर रोड स्थित उज्जैन के पास ग्राम निनोरा में यथार्थ फ्यूचरस्टिक स्कूल में सुबह 10 बजे पहुंचेंगे। ब्रेकफास्ट और लंच कर बाबा महाकाल के दर्शन करने जाएंगे। सामाजिक न्याय परिसर में होने वाली जनसभा के लिए इसमें एक लाख से ज्यादा लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। सभा में प्रियंका गांधी, मल्लिकाअर्जुन खडग़े, अशोक गेहलोत, भूपेश बघेल, शामिल होंगे।

रात्रि विश्राम सुरासा में

जनसभा के बाद राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्री आगर रोड पर रात्रि विश्राम के लिए श्री गुरु सांदीपनि इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट सुरासा पहुंचेंगे। 2 दिसंबर को सुबह 6 बजे आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज कैम्प से रवाना होगी। 10 बजे ग्राम नजरपुर में ब्रेकफास्ट के लिए रुकेगी। 4 बजे बस स्टॉप तहसील घट्टिया क्षेत्र में सभा संबोधित करते हुए रात्रि ब्रेक घोसला रूपा खेड़ी में नाइट स्टे स्कायलार्क प्रोटीन फैक्ट्री में करेंगे। 3 दिसंबर को यात्रा सुबह 10 बजे सुमरा खेड़ी जोड़ ग्राम तनोडिया के यहां ब्रेकफास्ट कर शाम 4 बजे यात्रा यहीं से रवाना होगी।

Share This Article