मल्टी के पास पकड़ाया ड्रग्स का खेल महिला पेडलर सहित चार गिरफ्तार

55 ग्राम एमडी जब्त, झालावाड़ से उज्जैन तक फैला है नशा तस्करी का नेटवर्क

उज्जैन। मादक पदार्थ के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में पंवासा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने पंवासा मल्टी और गरोठ बायपास क्षेत्र से एक महिला पेडलर और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। इनसे 55 ग्राम एमडी बरामद की है। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपए है। आरोपियों की सूचना पर बाद में दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया।
थाना प्रभारी गमर सिंह मंडलोई ने बताया कि गरोठ ब्रिज के नीचे एक महिला और पुरुष के नारंगी रपल्सर बाइक से ड्रग्स सप्लाई की सूचना मिली थी। तस्दीक के बाद मौके की घेराबंदी की तो आरोपियों ने दौड़ लगा दी। टीम ने पीछाकर पंवासा मल्टी के पास एक फ्लैट के पास से पकड़़ लिया गया। इनकी पहचान जावेद उर्फ खन्ना (निवासी झालावाड़, राजस्थान) और अलीशा उर्फ शमीम (निवासी नानाखेड़ा, उज्जैन) के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुला नेटवर्क
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह उज्जैन के ही दो अन्य तस्करों से एमडी खरीदकर पुडिय़ा बनाकर उसे बेचते थे। इस चूना के आधार पर ऋतिक (निवासी पंवासा) और आदर्श भदौरिया (निवासी गांधी नगर) को भी गिरफ्तार किया गया। । पुलिस के अनुसार अलीशा ड्रग्स की पुडिय़ा ग्राहकों को बेचती थी, जबकि ऋतिक और आदर्श नशा उपलब्ध करवाते थे।
बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों से एक पल्सर मोटरसाइकिल (कीमत 1 लाख) जब्त की है। चारों आरोपी जावेद उर्फ खन्ना, अलीशा उर्फ शमीम, ऋतिक सौदे और आदर्श भदौरिया से पूछताछ की जा रही है।
एमडी देने इंदौर पहुंचे उज्जैन के दो तस्कर गिरफ्तार
उज्जैन। इंदौर क्राइम ब्रांच ने उज्जैन के दो युवकों को एमडी की तस्करी करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी राजकुमार चौराहा स्थित सब्जी मंडी में ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने इनसे 53.57 ग्राम एमडी, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। डीसीपी (अपराध) राजेश त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी तोहिद खान और रखमान कुरैशी हैं।
दोनों उज्जैन के नागझिरी इलाके के निवासी हैं। पुलिस को पकड़े गए पेडलर्स से दोनों की जानकारी मिली थी। मंगलवार को जब ये राजकुमार सब्जी मंडी में ड्रग्स की खेप देने पहुंचे तो घेराबंदी कर दबोच लिया गया। तोहिद12वीं तक पढ़ा है और मजदूरी करता है, जबकि रखमान कपड़ा कारखाने में कार्यरत है। इनके तार उज्जैन के साथ राजस्थान के प्रतापगढ़ और झालावाड़ के बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस दोनों से उनके इंदौर और उज्जैन के संपर्कों के बारे में पूछताछ कर रही है।









