महाअष्टमी पर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष करेंगे नगर पूजा

24 खंबा माता मंदिर से शुरू होगी 28 किमी की यात्रा, नगर रक्षा के लिए थमेगी नहीं मदिरा की धार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। अवंतिका नगरी की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी 29 मार्च गुरुवार को नगर पूजा 24 खंबा माता मंदिर पर होगी। सम्राट विक्रमादित्य के काल से चली आ रही इस अनूठी परंपरा का निर्वहन इस वर्ष भी अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद(5 अखाड़ों वाली) के अध्यक्ष और श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के सचिव महंत रवींद्र पुरी करेंगे। सुबह 8 बजे चौबीस खंबा स्थित महामाया और महालाया की विशेष पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का श्रीगणेश होगा।
इस यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता मदिरा की धार है। एक हांडी में मदिरा लेकर कोटवार आगे चलते हैं, जिसकी अखंड धारा पूरे 28 किलोमीटर के मार्ग में प्रवाहित की जाती है। यह यात्रा रात 8 बजे अंकपात मार्ग स्थित हांडी फोड़ भैरव पर पूर्ण होगी। यात्रा में मुख्य सेवादार वसूली पटेल तोलाराम आंजना सहित अखाड़े से जुड़े कई लोग शामिल रहेंगे।
संकट से रक्षा की प्राचीन मान्यता
अखाड़ा परिषद के प्रबंधक डॉ. राहुल कटारिया और डॉ. गोविंद सोलंकी ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह पूजा नगर को प्राकृतिक आपदाओं और व्याधियों से बचाने के लिए की जाती है। पं. गौरव शर्मा के अनुसार, कोरोना काल जैसी भीषण महामारी के दौरान भी महंत रवींद्र पुरी महाराज ने हरिद्वार से आकर इस परंपरा को टूटने नहीं दिया था। इस बार भी नगर पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और हरसिद्धि माता, गढक़ालिका सहित प्रमुख मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की गई है।
पूजन का प्रमुख आकर्षण और परंपराएं
मदिरा का भोग : यात्रा के दौरान मार्ग में आने वाले प्रमुख देवी और भैरव मंदिरों में नए ध्वज और चोला चढ़ाया जाएगा। साथ ही, प्राचीन परंपरा अनुसार माता रानी को पूजन सामग्री के साथ मदिरा का नैवेद्य अर्पित किया जाएगा।
महामंडलेश्वरों का समागम : आयोजन में शामिल होने के लिए हरिद्वार और देश के अन्य हिस्सों से निरंजनी अखाड़े के कई महामंडलेश्वर और संत-महंत उज्जैन पहुँच रहे हैं।
भंडारा और कन्या पूजन : यात्रा के समापन के पश्चात बडऩगर रोड स्थित श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी में कन्या पूजन होगा, जिसमें सभी अखाड़ों के संत, जनप्रतिनिधि और अधिकारी सम्मिलित होंगे।









