मामा को खाना देने का कहा, ममेरे भाई ने दोस्तों के साथ चाकू मारे

उज्जैन। बुजुर्ग मामा को घर में खाना देने की समझाइश पर ममेरा भाई नाराज हो गया और दोस्तों के साथ मिलकर बुआ के दो बेटों पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। पीपलीनाका निवासी विजय (25) व उसका छोटा भाई सुनील (23) पिता ओमप्रकाश हमले में घायल हुए हैं। दोनों का चरक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घायल विजय ने बताया कि उसके बुजुर्ग मामा अनोखीलाल का उनका बेटा मिथुन ध्यान नहीं रखता है। खाना भी नहीं देता। वे खाना भी उनके घर खाते हैं। शुक्रवार रात को जब उन्होंने मिथुन को समझाने की कोशिश की तो वो नाराज हो गया था और थोड़ी देर बाद अपने दोस्त गोलू, हाफिज, पप्पू और नाना के साथ आकर दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव किया। घटना रात करीब 10 बजे की बताई गई है। जीवाजीगंज पुलिस ने प्रकरण कायम किया है।
दो जगह चचेरे भाइयों में संघर्ष
उज्जैन। बोवनी का वक्त नजदीक आने की आहट के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन विवाद के मामले सामने आने लगे हैं। शुक्रवार को दो जगह ऐसे विवाद हुए हैं जिसमें चचेरे भाइयों में ही मारपीट की घटना हुई है। ताजपुर में पुरुषोत्तम और राकेश पाटीदार (चचेरे भाई) के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था। कोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को पटवारी ने जमीन की नपती की थी। पटवारी के जाते ही पुरुषोत्तम, उसके भतीजे शुभम पिता राजेश पाटीदार पर राकेश व परिवारजन नीलेश, कमल, नंदराम, राजकुमार, दिलीप व शंकरलाल ने हमला कर दिया। इसमें शुभम व पुरुषोत्तम घायल हो गए।
दोनों का चरक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पंवासा पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस कायमी की है। जमीन विवाद का दूसरा मामला महिदपुर क्षेत्र के बालौदा गांव में हुआ है। यहां पर शुक्रवार सुबह संदीप और खेमराज आंजना (चाचा-भतीजे) के बीच जमीन विवाद मेें पटवारी जमीन व मकान की नपती की थी। पटवारी के जाने के बाद संदीप व परिवारजन मांगीलाल, रणजीत, अर्जुन व बहादुरसिंह ने खेमराज के बेटे पवन व दामाद कमल सिंह पर हमला कर दिया। हमले में जीजा-साले बुरी तरह घायल हुए हैं और चरक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। मामले में महिदपुर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस कायमी की है।









