मालवा एक्सप्रेस में दो अटैंडरों में विवाद, जीआरपी ने की कार्रवाई

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मालवा एक्सपे्रस ट्रेन में शुक्रवार को दो अटैंडरों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया जिसके बाद पुलिसकर्मी दोनों को पकड़कर जीआरपी थाने ले आए। यहां उन पर 34 पुलिस एक्ट की कार्रवाई की गई है।
जीआरपी से मिली जानकारी के मुताबिक अनिल वैद्य निवासी विदिशा और गजेंद्र सिंह हाड़ा निवासी इंदरगढ़ (राजस्थान) प्राइवेट कंपनी के ट्रेन अटैंडर हैं। शुक्रवार दोपहर मालवा एक्सप्रेस ट्रेन में दोनों मौजूद थे। जहां इनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसमें से गजेंद्र सिंह ने शराब पी रखी थी। इसके बाद जीआरपी जवान उसे थाने ले आए।
यहां अटैंडर अनिल वैद्य के बैग से शराब के तीन क्वार्टर मिले। पूछने पर उसने बताया कि वह शराब पीता है इसलिए वह क्वार्टर उसने पीने के लिए रखे थे। वहीं दूसरे अटैंडर गजेंद्र सिंह के बैग से तीन नैपकिन और चादर मिला। जिसके संबंध में पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह यह चुराकर नहीं बल्कि अपने वरिष्ठ अधिकारियों से मांगकर लाया है। जांच में भी चादर व नैपकिन मांगने की पुष्टि हुई। मामले में जीआरपी ने दोनों के खिलाफ 34 पुलिस एक्ट की कार्रवाई की है।









