वेटर के साथ एक लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी

उज्जैन। फ्रीगंज क्षेत्र की एक होटल में वेटर का काम करने वाले एक युवक के साथ एक लाख रुपए की ठगी हो गई है। इस युवक को फेसबुक मैसेंजर के जरिए ठगा गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
फरियादी रवींद्र कुमार यादव मूल रूप से मधुबनी (बिहार) का रहने वाला है और फ्रीगंज की बनाना लीफ रेस्टोरेंट पर वेटर का काम करता है। रवींद्र यादव को 10 मार्च को मैसेंजर पर उसके भाई के नाम से एक मैसेज आया। उसका भाई विदेश में कहीं काम करता है। मैसेज में लिखा था, भाई मैं मुसीबत में पड़ गया हूं, पुलिस के केस का मामला है। मुझे एक लाख रुपए की जरूरत है। एक नंबर भी मैसेज के साथ भेजा गया था।
रवींद्र ने इस नंबर पर बात की सामने जिससे बात हुई उसने भी बताया कि तुम्हारा भाई जेल में है। घबराए रवींद्र ने तत्काल ही ऑनलाइन एक लाख रुपए ट्रांसफर भी कर दिए। कुछ देर बाद जब उसने अपने भाई से बात की तो पता चला कि वह सकुशल है। इसके बाद रवींद्र को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। उसने माधवनगर पुलिस को शिकायत की। गुरुवार रात पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है।









