शिवाजी महाराज पर बयान से बवाल, रितेश देशमुख भड़के; बागेश्वर बाबा ने मांगी माफी

मुंबई/नागपुर।छत्रपति Chhatrapati Shivaji Maharaj को लेकर दिए गए एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान के बाद देशभर में नाराजगी देखने को मिली, जिस पर अब बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

क्या था बयान?
नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा था कि शिवाजी महाराज युद्ध से थककर अपनी जिम्मेदारियां छोड़ना चाहते थे और वे अपने गुरु समर्थ रामदास के पास मुकुट लेकर पहुंचे थे। बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई।
रितेश देशमुख का तीखा रिएक्शन
इस बयान पर रितेश देशमुख ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शिवाजी महाराज का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर मराठी में पोस्ट करते हुए ऐतिहासिक व्यक्तित्व के सम्मान की बात कही।गौरतलब है कि रितेश देशमुख जल्द ही शिवाजी महाराज पर आधारित फिल्म “राजा शिवाजी” में नजर आने वाले हैं।
बागेश्वर बाबा ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मीडिया के सामने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी भी तरह से शिवाजी महाराज का अपमान करना नहीं था।
उन्होंने कहा, “यदि मेरी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं क्षमाप्रार्थी हूं। मैं शिवाजी महाराज का सम्मान करता हूं।”
बढ़ता विवाद, फिर आई सफाई
बयान के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में भी बहस तेज हो गई थी। हालांकि माफी के बाद मामला कुछ हद तक शांत होता नजर आ रहा है।









