शेयर बाजार के नाम पर सांची दुग्ध संघ के डिप्टी जीएम से 1.77 करोड़ रुपए की ठगी

कोटक वेल्थ इंसाइट्स वॉट्सएप ग्रुप और नियो कोट प्रो एप के जरिए बिछाया था जाल

उज्जैन। मक्सी रोड स्थित सांची दुग्ध संघ के ट्रेनिंग सेंटर के उप महाप्रबंधक (डिप्टी जीएम) के साथ शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने के नाम पर 1.77 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी हुई है। मामले में राज्य सायबर सेल ने ठगी की राशि ट्रांसफर करने के लिए उपयोग किए गए बैंक खाते के धारक को दो महीने बाद भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है।
राज्य सायबर एसपी सव्यसाची सराफ को अप्रैल में सांची दुग्ध संघ ट्रेनिंग सेंटर के उप महाप्रबंधक दीपक कुमार ने शिकायत में बताया था कि अज्ञात जालसाजों ने उन्हें शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का झांसा देकर 1.77 करोड़ रुपए की चपत लगाई है। उनका संपर्क एस 108 कोटक वेल्थ इंसाइट्स नाम के वॉट्सएप ग्रुप के माध्यम से जालसाजों से हुआ था।
जालसाजों ने उनसे नियो कोट प्रो नाम का एक फर्जी ट्रेडिंग एप्लीकेशन इंस्टॉल करवाया। आरोपियों ने झांसा देकर पीडि़त का आधार कार्ड और पैन कार्ड ले लिया और ट्रेडिंग शुरू करने के नाम पर पहली बार में 50 हजार रुपए ऑनलाइन जमा कराए। इसके बाद ऐप पर पीडि़त को प्रतिदिन 5 प्रतिशत का वर्चुअल मुनाफा दिखाया जाने लगा। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए उन्हें निवेश की गई राशि पर कुछ मुनाफा वापस भी निकालने दिया गया।
मुनाफा निकालने के लिए 1.70 करोड़ और मांगे
इस वर्चुअल मुनाफे के झांसे में फरवरी से अप्रैल के बीच उपमहाप्रबंधक ने अलग-अलग 6 बैंक खातों में कुल 1.77 करोड़ रुपए का ऑनलाइन निवेश कर दिया। अप्रैल में उन्होंने मुनाफे की बड़ी रकम निकालने का प्रयास किया तो जालसाजों ने कहा आपको भारी-भरकम आईपीओ अलॉट हुआ है जिसे क्लीयर करने के लिए 1.70 करोड़ रुपए और देना होंगे। इतनी बड़ी रकम दोबारा मांगे जाने पर पीडि़त को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत सायबर सेल की शरण ली।









