संडे पर बढ़ी महाकाल में भीड़, 4 नंबर गेट कुछ महीनों के लिए बंद

नियमित दर्शनार्थी 11 नंबर गेट से जाएंगे, शीघदर्शन की व्यवस्था 1 नंबर पर शिफ्ट
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर पर संडे पर दर्शनार्थियों की काफी भीड़ बढ़ गई। इसी बीच निर्माण कार्यों के कारण ४ नंबर गेट बंद कर दिया है और वहां के दर्शनार्थियों को गेट नंबर 1 और 11 पर शिफ्ट किया गया है। इस सप्ताह तीन दिन का वीकेंड था। शुक्रवार को गुड फ्राइडे और शनिवार-रविवार को अवकाश होने के कारण बाहरी दर्शनार्थियों की संख्या मंदिर में बढ़ गई। पिछले दो दिनों के मुकाबले शनिवार शाम से दर्शनार्थियों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
रविवार सुबह तो महाकाल मंदिर जाने वाले रास्तों पर दर्शनार्थियों की काफी भीड़ थी। हालांकि मंदिर समिति ने दर्शनार्थियों की संख्या के मान से दर्शन व्यवस्था पहले से ही बना रखी थी। संख्या अधिक बढऩे पर आम दर्शनार्थियों को टनल के जरिए अंदर प्रवेश कराकर दर्शन कराए गए। इस दौरान मंदिर प्रांगण में आम दर्शनार्थियों का प्रवेश कुछ समय के लिए बंद रखा गया।
यूरोपियन शहर की तरह हाईटेक सड़क की है प्लानिंग
महाकाल मंदिर (पुराना महाराजवाड़ा) से लेकर बड़े गणेश होते हुए हरसिद्धि मंदिर तक की रोड 7 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से सर्वसुविधा युक्त हाईटेक बनाने जा रही है। यह किसी यूरोपियन शहर की तरह सर्वसुविधा युक्त होगी। पिछले दिनों संभाग आयुक्त (मेला अधिकारी) आशीष सिंह के निरीक्षण दौरान दिए गए सख्त निर्देश के बाद गेट नंबर चार और पांच के पास यातायात चौकी से हरसिद्धि मंदिर तक के रोड का काम विकास प्राधिकरण ने तेजी से शुरू कर दिया है।
इस रोड को प्राधिकरण को हर हाल में बारिश के पहले पूरा करना है। 24 मीटर चौड़े बन रहे इस सीसी रोड में अंडरग्राउंड लाइट, सुंदर शेड, फ्लोरिंग, भक्तों के बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। गेट नंबर चार और पांच को तोड़कर बड़े यूटिलिटी सेंटर भी बनाए जा रहे हैं। जिसमें दर्शनार्थियों को सभी सुविधा मिलेगी। यहां मोबाइल काउंटर, प्रसाद काउंटर, शीघ्र दर्शन, दिव्यांगों के लिए अलग से सुविधा, जूता चप्पल स्टैंड भी बनेगा। इस पूरे रोड पर केबल को अंडरग्राउंड किया जाएगा। नक्काशी के साथ सुंदर लाइटिंग भी की जाएगी।
परियोजना के मुख्य विवरण
मार्ग – महाकाल मंदिर (महाराजवाड़ा क्षेत्र) से हरसिद्धि चौराहे के रास्ते सिद्ध आश्रम से होते हुए शिप्रा नदी तक।
चौड़ाई- मार्ग को 24 मीटर चौड़ा किया जा रहा है, लंबाई 1.2 किमी है।
उद्देश्य- महाकाल मंदिर और शिप्रा नदी के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित करना, जिससे श्रद्धालुओं को भीड़ के दौरान आसानी हो।
हरसिद्धि तक सड़क निर्माण काम में तेजी
श्री महाकालेश्वर मंदिर से हरसिद्धि चौराहे तक बनने वाली सड़क सीसी रोड का काम भी तेजी से शुरू हो गया। इस कारण मंदिर समिति ने यहां स्थित चार नंबर गेट (बड़ा गणेश मंदिर के सामने) को अगले कुछ महीनों के लिए बंद कर दिया है। यहां से नियमित दर्शनार्थी और शीघ्र दर्शन दर्शनार्थियों को प्रवेश मिलता था। गेट बंद होने के बाद अब नियमित दर्शनार्थियों को गेट नंबर 11 (टनल के निकासी द्वार के पास) और शीघ्र दर्शन दर्शनार्थियों को गेट नंबर 1 (अवंतिका द्वार सवारी मार्ग के पास) से प्रवेश दिया जा रहा है।
काम पूरा होने तक बंद रहेगा गेट
गेट नंबर चार हरसिद्धि मार्ग तक बनने वाली सड़क का काम पूरा होने तक बंद रहेगा। यहां पर विकास प्राधिकरण द्वारा सड़क बनाई जा रही है। गेट बंद होने से कहीं कोई व्यवधान नहीं है। दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है।
-मूलचंद जूनवाल सहायक प्रशासक श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति









