सीवरेज चैंबर में बाइक उछली, युवक गिरा, मौत

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में लापरवाहीपूर्वक बनाए गए सीवरेज लाइन के चैंबर ने एक बार फिर एक युवक की जान ले ली। घटना रविवार रात जूना सोमवारिया में हुई है जिसमें जयसिंहपुरा के एक २३ वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम अजय पिता शंकर माली उम्र 23 वर्ष निवासी जयसिंहपुरा है।
अजय अपने परिवारजनों के साथ रविवार रात को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पिपलीनाका स्थित एक मैरिज गार्डन में गया था। वहां से लौटते वक्त रात करीब 11.30 बजे जूना सोमवारिया के पास सड़क के बीच में बने सीवरेज लाइन के चैंबर पर उसकी बाइक उछली और वो असंतुलित होकर नीचे गिर कर बुरी तरह घायल हो गया। पीछे आ रहे परिजन व रिश्तेदार उसे तुरंत चरक अस्पताल लाए जहां देर रात को उसकी मौत हो गई।
सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। मृतक अजय इलेक्ट्रिशियन था। इस घटना से परिजनों में खासा आक्रोश है। गौरतलब है कि इसके पहले भी शहर में जगह-जगह बने सीवरेज लाइन के चैंबर से दुर्घटनाएं हुई हैं।









