सुपर एप रेलवन पर एक मार्च से मिलेंगे सभी तरह के टिकट

डिजिटल ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव करने जा रही भारतीय रेलवे, करोड़ों रेल यात्रियों का अनुभव बदल जाएगा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नईदिल्ली, एजेंसी। भारतीय रेलवे अपने डिजिटल ढांचे में एक महत्वपूर्ण बदलाव करने जा रही है। यह करोड़ों रेल यात्रियों के अनुभव को बदल देगा। 1मार्च से रेलवे के सुपर एप रेलवन पर सभी प्रकार की रेल टिकट की बुकिंग शुरू होने जा रही है। जबकि वर्षों से प्रयोग किए जा रहे यूटीएस एप को बंद करने का फैसला किया है। नया सुपर एप रेलवन यात्रियों के लिए वन-स्टॉप सॉल्यूशन के रूप में काम करेगा।
रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस बदलाव के साथ ही यात्रियों को अब जनरल टिकट और रिजर्वेशन के लिए अलग-अलग एप्स के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी, क्योंकि रेलवन में यूटीएस व आईआरसीटीसी की ऑनलाइन दोनों प्रकार की टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए रेलवे ने यात्रियों को नए सुपर एप का तोहफा दिया है।
मोबाइल टिकटिंग लोकप्रिय
तीन वर्षों सेअनारक्षित श्रेणी की मोबाइल टिकटिंग काफी लोकप्रिय है। 2023-24 में डिजिटल टिकटिंग की हिस्सेदारी करीब 15 से 18 प्रतिशत थी, जो 2024-25 में बढ़कर 25 से 28 प्रतिशत तक पहुंच गई। वर्तमान वित्तीय वर्ष में रेलवे ने रेलवन के माध्यम से इस आंकड़े को 40 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। दक्षिण रेलवे और मुंबई उपनगरीय सेवा जैसे क्षेत्रों में मोबाइल बुकिंग का आंकड़ा पहले ही 29 प्रतिशत को पार कर चुका है।
पुराने पासवर्ड से लॉग-इन की सुविधा
आम यात्री गूगल प्ले स्टोर या एप स्टोर से रेलवन एप डाउनलोड कर सकते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें पुराने आईआरसीटीसी अथवा यूटीएस पासवर्ड से ही लॉग-इन करने की सुविधा दी गई है।
अनारक्षित बुकिंग पर तीन प्रतिशत तक की छूट
अधिकारी ने बताया, 14 जनवरी से 14 जुलाई के बीच रेलवन के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को तीन प्रतिशत की सीधी छूट दी जा रही है, जिन यात्रियों के पुराने यूटीएस वॉलेट (आर-वॉलेट) में बैलेंस बचा हुआ है, उस राशि को आसानी से नए एप में ट्रांसफर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह एप केवल टिकट बुकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें ट्रेन की लाइव लोकेशन, कोच पोजिशन, ई-कैटरिंग के जरिए खाना ऑर्डर करने और रेल मदद पर शिकायत दर्ज करने जैसी तमाम सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई हैं।









