हरिफाटक ब्रिज प्रोजेक्ट में तेजी के निर्देश

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकाल मंदिर आने-जाने का प्रमुख मार्ग हरिफाटक ओवरब्रिज अब चौड़ा किया जाना है। उसके समानांतर नए ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। बुधवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने इस निर्माणाधीन समानांतर ब्रिज, महाकाल मंदिर के समीप सड़क निर्माण कार्य और श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पहले सभी जमीनी स्तर के कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। कलेक्टर ने कहा कि श्रावण मास प्रारंभ होने से पहले श्रद्धालुओं को आवागमन के लिए सुविधापूर्वक मार्ग उपलब्ध हो जाना चाहिए, इसके लिए कार्य की गति को और बढ़ाया जाए।
तीन भुजाओं में बंटकर यातायात सुधारेगा नया ब्रिज: सिंहस्थ के लिहाज से अति महत्वपूर्ण माने जा रहे इस समानांतर ब्रिज परियोजना में तीन भुजाओं का निर्माण किया जा रहा है। इसमें मुख्य भुजा नीलकंठ द्वार की ओर, दूसरी भुजा महाकाल लोक की ओर तथा तीसरी भुजा बडऩगर रोड की ओर जाएगी। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को इस कार्य को समय-सीमा में पूरा करने को कहा है। इसके अलावा उन्होंने बड़ा गणेश मंदिर और हेरिटेज होटल के सामने निर्माणाधीन सड़कों का भी जायजा लिया।
एक सप्ताह में पहुंचे 10 लाख श्रद्धालु, नया प्लान तैयार
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने महाकाल मंदिर के भीतर सामान्य और विशेष टिकट वाले श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि पिछले महज एक सप्ताह के भीतर करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए हैं, और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशानुसार श्री महाकालेश्वर के दरबार में आने वाले हर श्रद्धालु को बिना किसी परेशानी के सुलभ दर्शन हों, इसके लिए एक नया और बेहतर दर्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक, सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी साथ थे।









