महिला को 112 ने घायल हालत में घर छोड़ा, देर रात मौत

उज्जैन। चिमनगंज थाना क्षेत्र मेें एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत होने का मामला सामने आया है। घर से गायब हुई महिला को घायल अवस्था में 112 ने घर छोड़ा था। देर रात को उसकी मौत हो गई। रचना पति हरबन यादव (35) निवासी सेंटपाल स्कूल के पास की बुधवार देर रात चरक अस्पताल मेें इलाज के दौरान मौत हो गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गुरुवार सुबह पति हरबन ने बताया कि पत्नी रचना शराब पीने की आदी थी। वो आये दिन बिना बताये घर से चली जाती थी और देर रात नशा कर लौट आती थी। मंगलवार को भी वो बिना बताए कहीं चली गई। बुधवार सुबह डायल 112 के सदस्य उसे घर लेकर आए। उस वक्त रचना नशे में थी और कान से खून आ रहा था। शरीर पर चोंट के निशान भी थी। उसका पर्स व मोबाइल भी गायब था। नशे की हालत में दिनभर रचना सोती रही।
बुधवार शाम को उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ तो उसे चरक अस्पताल लेकर आए जहां रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। रचना का मायका बीना में है। हरबन चंदेरी का रहने वाला है। मजदूरी के लिए दोनों उज्जैन आ गए और सेंटपाल स्कूल के पास खुद का मकान लेकर वहां रह रहे थे। इनका एक बेटा भी है। पति हरबन ने शंका जाहिर की है कि पत्नी के साथ उस रात को गलत हुआ जिसकी वजह से मौत हुई है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद रचना का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।









