15 लाख से संवरेगा पुलिस लाइन का पार्क

निगम अध्यक्ष और एसपी ने किया भूमि पूजन, खेल उपकरण-ओपन जिम लगाने की तैयारी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। वार्ड 53 स्थित पुलिस लाइन में निवासरत पुलिस परिवारों और बच्चों के मनोरंजन के लिए जल्द ही एक भव्य उद्यान बनकर तैयार होगा। रविवार को निगम अध्यक्ष कलावती यादव और एसपी प्रदीप शर्मा ने लगभग 15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस उद्यान का भूमि पूजन किया। उल्लेखनीय है कि यह उद्यान निगम अध्यक्ष मद की राशि से नगर निगम द्वारा निर्मित किया जा रहा है। पुलिस लाइन के रहवासियों की लंबे समय से मांग थी कि बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के टहलने के लिए एक व्यवस्थित स्थान हो।
पुलिस और प्रशासन का दिखा समन्वय: भूमि पूजन के दौरान क्षेत्रीय पार्षद निर्मला करण परमार, भाजपा महामंत्री आनंद सिंह खींची और मंडल अध्यक्ष परेश कुलकर्णी ने भी वार्ड विकास की योजनाओं पर चर्चा की। एसपी श्री शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उद्यान बनने से पुलिस लाइन के वातावरण में सकारात्मकता आएगी और बच्चों को खेलने के लिए सुरक्षित स्थान मिलेगा।
इस मौके पर नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. रवि सोलंकी, मंडल अध्यक्ष मुकेश पोरवाल, करण परमार, एडिशनल एसपी गुरुशरण पाराशर, रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह, डीएसपी मुख्यालय भरत सिंह यादव और सूबेदार स्वामी कांबले सहित पुलिस लाइन के अनेक रहवासी उपस्थित रहे। सभी ने इस विकास कार्य के लिए निगम अध्यक्ष का आभार
व्यक्त किया।
यह सुविधाएं बढ़ेंगी पार्क में
खेल एवं जिम: बच्चों के लिए आधुनिक खेल उपकरण और युवाओं व बुजुर्गों के लिए ओपन जिम उपकरण लगाए जाएंगे।
पाथवे और हरियाली: टहलने के लिए व्यवस्थित पाथवे का निर्माण होगा और पौधारोपण कर पर्यावरण को बेहतर बनाया जाएगा।
सुरक्षा और सौंदर्य: सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्री वॉल का निर्माण और रात्रि में प्रकाश के लिए आकर्षक लाइटिंग वर्क किया जाएगा।









