Advertisement

20 साल के बदमाश ने जन्मदिन मनाया, शहर के 130 बदमाशों को पार्टी में बुलाया, पुलिस ने दबोचा

प्रदीप का दूसरा पंच…खाकचौक के मैरिज गार्डन में जाम टकरा रहे थे, सिगरेट के छल्ले उड़ रहे थे, डीजे की धुन पर थिरक रहे थे बदमाश

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement
  • 20 केक काटे गए पार्टी में
  • 17 के कब्जे से हथियार मिले
  • 50 के खिलाफ 151 की कार्रवाई
  • 130 बदमाश पकड़े पुलिस ने

पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को हिरासत में लिया, हथियार लेकर गए हुए थे पार्टी में

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। दुर्लभ कश्यप उज्जैन का एक ऐसा युवा था जिसने अपराध की दुनिया में कदम रखकर पूरे देश में सोशल मीडिया के मार्फत सुर्खियां बटोरी। आज वह इस दुनिया में नहीं है लेकिन उसके पद चिन्हों पर चलने वाले, उसका अनुसरण करने वाले कई युवा हैं। पिछले दिनों रतलाम के ढोढर में उसी के अनुयायियों का ढोढर की बस्ती वालों से सामना हुआ था। अब एक नए तरीके का मामला सामने आया है।

Advertisement

एक नामचीन बदमाश ने अपने जन्मदिन की पार्टी में अपनी उम्र के केक कटवाए और उन लोगों को बुलाया जिनका अपराध की दुनिया में हस्तक्षेप है। इस प्रकार के लोग एक साथ जुटें और इस प्रकार की पार्टी हो तो भला पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा को खबर कैसे न मिले। मुखबिर सक्रिय हुए। पुलिस अधीक्षक ने टीम बनाई और एक ही रात में, एक ही स्थान से 130 बदमाश पकड़ लिए गए। 162 वाहन पकड़ने का एसपी का यह पहला पंच था और 130 बदमाशों को घेराबंदी कर घेरने का यह दूसरा पंच।

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि उन्हें मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि खाकचौक स्थित एक गार्डन में शहर का चर्चित जन्मदिन समारोह होने वाला है। पुलिस के लिए इतनी सूचना ही काफी थी। पता लगाया गया कि आखिर यह जन्मदिन किसका है। तार से तार जुड़ते गए और माधव नगर थाना क्षेत्र के बदमाश सुजल खरे का नाम सामने आ गया। पता चला कि उसने अपने जन्मदिन समारोह के लिए आम लोगों को नहीं उन लोगों को बुलाया है जिनका अपराध की दुनिया में नाम है। इनमें से कुछ ऐसे भी थे जो हथियार लेकर घूमते थे। एएसपी के नेतृत्व में पांच टीमें बनाई गईं। अब आगे देखिए क्या हुआ।

Advertisement

उम्र के अनुसार केक काटे गए

गार्डन में रात 11 बजे बाद पार्टी शुरू हुई। वाल्मिकी नगर निवासी सुजल पिता सुनील खरे का यह 20 वां जन्मदिन था। लिहाजा 20 केक मंगवाए गए थे। केक कट चुके थे और उधर पुलिस की टीम चारों तरफ से घेराबंदी में लगी हुई थी। अंदर डीजे की धुन पर गुंडे-बदमाश थिरक रहे थे, सिगरेट के छल्ले उड़ रहे थे और शराब के दौर चल रहे थे। जब पार्टी शबाब पर आई तब पुलिस ने अपना काम दिखाया।

पुलिस को देख भगदड़ मची

एएसपी, सीएसपी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की टीम ने जैसे ही गार्डन में प्रवेश किया जन्मदिन मनाने वालों में भगदड़ मच गई। उनका नशा काफूर होने लगा। पुलिस की टीम ने एक-एक कर करीब 130 लोगों को काबू कर लिया। इन लोगों के लिए पहले से ही गाड़ियां मौजूद थीं। सभी को पुलिस की गाड़ियों में बैठा लिया गया।

इसके बाद नाम, पते, उम्र पूछने के बाद गाड़ियां अलग-अलग थाने रवाना की गईं। एसपी शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम बदमाशों के पास पिस्टल, चाकू, छुरे और अन्य हथियार देखकर चौंक गई। 130 बदमाशों में से 17 के खिलाफ आर्म्स एक्ट की कार्रवाई की गई। 50 के खिलाफ धारा 151 की कार्रवाई की गई अन्य नाबालिग थे उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

इन थानों में दर्ज हुए केस
चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि वाल्मिकी नगर निवासी नीलेश उर्फ नीलू पिता लक्ष्मीनारायण, सुजल खरे पिता सुनील खरे, आयुष पिता राजेश रजक निवासी राजीव नगर, यश उर्फ तोतू पिता अशोक शर्मा निवासी एमपी नगर कानीपुरा रोड़ के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई जबकि वरूण पिता वीरेन्द्र, रिंकू पिता लालचं, नीरज पिता बलराम, तुषार पिता मुन्नालाल, तुषा पिता अजय, रितिक पिता जीवन के खिलाफ धारा 151 के तहत केस दर्ज किया गया। इसी प्रकार जीवाजीगंज थाना पुलिस ने दो बदमाशों पर आर्म्स एक्ट, पंवासा थाना पुलिस ने युवकों से चाकू बरामद कर केस दर्ज किया। ऐसे ही भेरूगढ़ पुलिस ने भी तीन बदमाशों पर आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया है।

Related Articles

Write a review