री-नीट परीक्षा में शहर के 35 विद्यार्थियों ने मारी बाजी

शाद को 571वीं और ऋषभ को 640वीं रैंक
उज्जैन। 21 जून को हुई री-नीट परीक्षा का परिणाम मात्र 25 दिन बाद गुरुवार देर शाम घोषित हो गए। शहर के शाद मंसूरी ने ऑल इंडिया रैंक 571 और ऋषभ पाटीदार ने ऑल इंडिया रैंक 640 हासिल की है। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, शहर के करीब 35 से अधिक विद्यार्थियों ने इतने शानदार अंक हासिल किए हैं। वास्तविक स्थिति काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने के बाद स्पष्ट होगी।
टेस्ट प्रैक्टिस ने दिलाई 571वीं रैंक: शाद मंसूरी ने 720 में से 669 अंक प्राप्त कर 571 वीं रैंक हासिल की है। पिता इमरान मंसूरी शिक्षक और माता नीलोफर मंसूरी गृहिणी हैं। शाद का कहना है कि पहले प्रयास में मनमुताबिक सफलता नहीं मिली। दूसरे में पढ़ाई के साथ-साथ नियमित मॉक टेस्ट और टेस्ट सीरीज पर फोकस किया। रोज 10 से 12 घंटे पढ़ाई की।
बिना तनाव नियमित पढ़ाई सफलता का मूल मंत्र
ऋषभ पाटीदार ने 720 में से 666 अंक प्राप्त कर 640 वीं रैंक प्राप्त की है। ऋषभ के पिता राजेश पाटीदार व्यवसाई हैं और माता सरिता पाटीदार गृहिणी हैं। ऋषभ का मानना है कि सफलता का मूल मंत्र बिना मानसिक तनाव और नियमितता के साथ पढ़ाई करना है। उन्होंने कभी घंटों के हिसाब से पढ़ाई नहीं की, बल्कि रोजाना तीनों विषयों (फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी) को बराबर समय दिया। क्लास में ही कॉन्सेप्ट क्लियर करने पर जोर दिया। तनाव से बचने के लिए वे सप्ताह में 3-4 दिन क्रिकेट और फुटबॉल भी खेलते थे।









