मप्र में 53 चीते, देश का सबसे बड़ा वाइल्डलाइफ मॉडल बना : CM

अक्षरविश्व न्यूज:भोपाल। मप्र में चीतों की संख्या बढक़र 53 पहुंच गई है। इनमें 33 चीते भारत में जन्मे हैं। कूनो व गांधीसागर अभयारण्यों में लगातार बढ़ रहे चीता कुनबे के बीच अब सरकार प्रदेश में गैंडा लाने की तैयारी भी कर रही है।
यह बात सीएम डॉ. मोहन यादव ने कही। वे अंतरराष्ट्रीय जैव-विविधता दिवस पर आईआईएफएम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा मप्र देश में वन्यजीव संरक्षण का सबसे बड़ा मॉडल बनकर उभरा है। प्रदेश को टाइगर स्टेट, लेपर्ड स्टेट, चीता स्टेट, वल्चर स्टेट और घडिय़ाल स्टेट जैसी पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा मध्यप्रदेश ‘मोगली लैंड’ और ‘सफेद शेरों की धरती’ के नाम से भी जाना जाता है। लगभग 100 साल के बाद मध्यप्रदेश की धरती पर जंगली भैंसे का पुनर्वास एवं पुनस्र्थापना की गई है। दुर्लभ प्रजाति के 33 कछुए और 53 घडिय़ाल कूनो नदी में छोड़े गए हैं। हलाली डेम क्षेत्र में 5 लुप्तप्राय गिद्धों को उनके नैसर्गिंक वातावरण में मुक्त किया गया है।









