90 साल की महिला से गैंगरेप कुएं में फेंकने की कोशिश…

4 नकाबपोशों ने मुंह में कपड़ा ठूंसा, बुजुर्ग 12 घंटे तक तड़पती रही

खंडवा। खंडवा जिले के पुनासा में चार नकाबपोश बदमाशों ने 90 साल की महिला के साथ गैंगरेप किया। पीडि़ता एक खेत में बने घर में रह रही थी। बुधवार रात को हुई इस घटना में आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ काफी बेरहमी की। उसके प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आई हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने महिला को खटिया समेत कुएं में फेंककर मारने की कोशिश की। लोगों की आहट सुनकर वे उसे खेत में ही छोड़कर भाग निकले। पीडि़ता पूरी रात करीब 12 घंटे तक गंभीर हालत में तड़पती रही। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण खेत पर पहुंचे, तब उन्हें वारदात का पता चला। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला अपने खेत में बने घर में अकेली रहती है। बुधवार रात वह रोज की तरह खाना खाकर सो गई थी। रात के समय आसपास कोई नहीं था और इसी का फायदा उठाकर 4 बदमाश उसके घर में घुस गए।
उम्र और कमजोरी के कारण विरोध भी नहीं कर सकी
पीडि़ता ने बताया कि जब उसने विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद उसके हाथ-पैर पकड़कर उसके साथ दरिंदगी की। वह अपनी उम्र और कमजोरी के कारण उनका विरोध भी नहीं कर सकी।
वारदात के बाद आरोपियों ने आपस में कहा कि अब बुढिय़ा को कुएं में फेंक देते हैं। इसके बाद चारों ने खटिया समेत बुजुर्ग को उठाया और उसे कुएं की ओर ले जाने लगे। उसी दौरान आसपास किसी वाहन या लोगों की आवाज सुनाई दी और वे भाग निकले।
इसके बाद पीडि़ता बेहोश हो गई और पूरी रात वहीं पड़ी रही। गुरुवार सुबह जब कुछ लोग भूसा खरीदने के लिए खेत पर पहुंचे तो उन्होंने झोपड़ी के बाहर खटिया पर उसे खून से लथपथ हालत में पड़े हुए देखा। हालत देखकर लोग घबरा गए। उन्होंने फौरन पुलिस और महिला की बेटी को जानकारी दी।
बेटी अपने मायके पहुंची। वहां पहुंचकर उसने देखा कि मां के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे उसे अस्पताल ले गई। वहां से बुजुर्ग को खंडवा रेफर कर दिया गया।









