महिला पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जमीन नामांतरण के लिए मांगे थे रुपए

लोकायुक्त उज्जैन टीम की आलोट में कार्रवाई,
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने रतलाम जिले के आलोट में कार्रवाई की है। लोकायुक्त ने महिला पटवारी को किसान से जमीन के नामांतरण के लिए आठ हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है।
लोकायुक्त उज्जैन के अनुसार ग्राम आनंदगढ़ तहसील आलोट जिला रतलाम निवासी किसान भारत सिंह चौहान ने पटवारी द्वारा जमीन के नामांतरण के लिए रिश्वत मांगने की शिकायत लोकायुक्त में की थी। लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन ने की जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद लोकायुक्त ने योजना बनाई और किसान को पटवारी को रुपये देते हुए पकड़ लिया।किसान भारत सिंह चौहान ने जमीन के नामांतरण के लिए पटवारी प्रियंका सोनी को आवेदन दिया था। इस पर पटवारी ने नामांतरण करने के लिए भारत सिंह चौहान से आठ हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
किसान ने लोकायुक्त में लिखित शिकायत की थी
बगैर रिश्वत के नामांतरण नहीं होने पर किसान ने उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर लोकयुक्त एसपी अनिल विश्वकर्मा को लिखित शिकायत की। इसमें बताया कि पटवारी प्रियंका सोनी नामांतरण के लिए रिश्वत मांग रही है। एसपी ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान पटवारी सोनी द्वारा किसान से आठ हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि की हुई। इसके बाद पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकडऩे की योजना बनाई गई।
कोर्ट में पेश करेंगे चालान
निरीक्षक बसन्त श्रीवास्तव ने बताया कि पटवारी को किसान से रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त के दल में विशाल रेश्मिया, इसरार, महेंद्र जाटवा, संजय पटेल, तथा दो महिला आरक्षक भी शामिल थी। लोकायुक्त द्वारा विवेचना के बाद पटवारी के खिलाफ न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जाएगा।
रंगेहाथों पकड़ा
निरीक्षक बसंत श्रीवास्तव के नेतृत्व में लोकायुक्त का दल मंगलवार को आलोट पहुंचा। किसान ने एक स्थान पर पहुंचकर आरोपित पटवारी सोनी को जाकर रुपये दिए। इसी दौरान दल के सदस्यों ने पटवारी सोनी को ट्रेप कर रुपये जब्त किए।










