उज्जैन: शिव ज्योति अर्पणम के लिए प्रदेश सरकार से मांगे 8 करोड़ रुपए

पुराने बकाया 3 करोड़ रुपयों के लिए भी महापौर ने भेजा पत्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
30 लाख दीप जलाने की तैयारी गुड़ीपड़वा पर शिप्रा नदी के घाटों पर

अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन:अगले माह विक्रमोत्सव के अंतर्गत शिप्रा नदी के घाटों पर 30 लाख दीपक जलाकर एक नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी निगम प्रशासन ने कर ली है। इस पर करीब पांच करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। निगम का खजाना पहले ही खाली है। इस कारण राज्य सरकार से इस राशि सहित पुराना बकाया पैसा भी मांगा गया है।
गुड़ीपड़वा पर शिव ज्योति अर्पणम् महोत्सव का अयोजन इस बार नए जोश और उत्साह से किया जा रहा है। शिप्रा नदी के तटों पर 30 लाख दीप प्रज्जवलित कर एक नया रिकॉर्ड गीनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज करवाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार इस पर करीब पांच करोड़ रुपए खर्च होंगे।
30 लाख दीपक सहित तेल और बाती पर भी यह राशि खर्च होगी। नगर निगम प्रशासन ने यह तैयारी शुरू कर दी है, लेकिन उसके पास इतना पैसा नहीं है। यह आंतरिक संकट अधिकारियों के लिए परेशानी की वजह बना हुआ है।
पिछले आयोजन के 3 करोड़ रुपए बकाया
शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव पर पिछले साल भी निगम ने जमकर खर्च किया था। इससे उस पर 3 करोड़ का भार पड़ा। निगम सूत्रों ने बताया यह राशि भी सरकार से मांगी गई है। इसके लिए एक पत्र सरकार को भेज दिया गया है। हालांकि निगम को अभी इसका कोई उत्तर नहीं मिला है। सरकार से राशि मिलने की उम्मीद में अभी तैयारी का दौर शुरू हो गया है।
पत्र भेजा है
यह सही है कि गुड़ीपड़वा पर आयोजित होने वाले शिवज्योति अर्पणम महोत्सव के लिए राज्य सरकार को पत्र भेजा गया है। इसमें 5 करोड़ रुपए मांगे गए हैं। पिछले 3 करोड़ रुपए की भी मांग की है। मुख्यमंत्री इस आयोजन को लेकर संजीदा हैं और सरकार से राशि मिलने की पूरी उम्मीद है। यह आयोजन शहर ही नहीं, पूरे प्रदेश का मान बढ़ाएगा।-मुकेश टटवाल, महापौर









