रिमोट से राष्ट्रपति करेंगी उज्जैन इंदौर सिक्स लेन का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री के प्रयासों से मिली महामहिम के दौरे की मंजूरी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू गुरुवार को उज्जैन में पहली बार उज्जैन से इंदौर तक बनने वाले सिक्स लेन का भूमिपूजन रिमोट बटन दबाकर करेंगी। इसके लिए उज्जैन के पास त्रिवेणी स्थित शनि मंदिर के पास एक होटल परिसर में खास तैयारियां की गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर राष्ट्रपति ने भूमिपूजन के लिए स्वीकृति प्रदान की है। महामहिम की यात्रा को यादगार बनाने के लिए महाकाल मंदिर प्रशासन मंदिर की खास प्रतिकृति भेंट करेगा।

राष्ट्रपति मुर्मू गुरुवार सुबह महाकाल मंदिर दर्शन करने आएंगी। इस दौरान त्रिवेणी स्थित एक होटल परिसर में उज्जैन से इंदौर तक सिक्स लेन बनाने के प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया जाएगा। राष्ट्रपति रिमोट बटन दबाकर निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगी। इस दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे।

भूमिपूजन के साथ ही सिक्स लेन का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो जाएगा। एमपीआरडीसी ने उदयपुर की रवि इंफ्रास्ट्रक्चर को इसे बनाने का ठेका दिया है। आमतौर पर राष्ट्रपति भूमिपूजन जैसे आयोजनों से दूर रहते हैं, किंतु सीएम डॉ. यादव ने इसके लिए प्रयास किए और स्वीकृति मिली।

फोरलेन का कायाकल्प, लगे स्वागत के होर्डिंग

उज्जैन से इंदौर रोड अभी फोरलेन है। इसे भी एमपीआरडीसी द्वारा सजाया संवारा जा रहा है। फोरलेन पर कई गड्ढे हो गए थे, जिन पर पेचवर्क या डामरीकरण कराया जा रहा है। डिवाइडर के बीच के पेड़ों की छंटनी कराई जा रही है और रंगाई पुताई कर इसे आकर्षक रूप दिया जा रहा है। लंबे समय से पेड़ों की छंटनी नहीं होने के करना इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने रोड पर टहनियां आ गई थीं। एमपीआरडीसी द्वारा ताबड़तोड़ इनको साफ कराया जा रहा है।

राष्ट्रपति मुर्मू ५ सफाई मित्रों अनिता चांवरे (वार्ड 38), श्रीमती किरण खोड़े (वार्ड 14), श्रीमती शोभा घावरे (वार्ड 33), श्रीमती रश्मि टांकले (वार्ड 13) और गोपाल खरे (वार्ड 47) को सम्मानित करेंगी।

200 क्विंटल फूलों से सजेगा महाकाल मंदिर

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए महाकाल मंदिर को विशेष रूप से फूलों से सजाया जा रहा है। मंदिर परिसर में आकर्षक रंगोलियां बनाई जा रही हैं। नंदी हॉल में राष्ट्रपति का स्वागत मध्यप्रदेश शासन की ओर से किया जाएगा। मंदिर प्रशासन द्वारा महाकाल मंदिर की सुंदर प्रतिकृति भेंट की जाएगी। यह लगभग डेढ़ बाय एक फीट की होगी।

Related Articles