मेले में मल्लयुद्ध: मेरी दुकान के सामने ठेला लगाने की तेरी हिम्मत कैसे हुई

दो व्यापारियों में मारपीट, मची भगदड़
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। कार्तिक मेले में उस समय भगदड़ मच गई जब दो व्यापारी आपस में उलझ गए। दोनों में मारपीट भी हुई। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का आलम भी रहा। मेले में सुरक्षा के लिहाज से बनाई गई पुलिस चौकी तक बात पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर माहौल को शांत किया और लड़ने वाले दोनों व्यापारियों को काबू में ले लिया। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
महाकाल पुलिस के अनुसार दुकान के सामने ठेला लगाने की बात को लेकर दो व्यापारियों में विवाद होने की सूचना मिली थी। लोागों का कहना था कि दोनों व्यापारियों में हुई मारपीट के कारण मेले में भगदड़ और दहशत जैसे हालात हो गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। पता चला कि खंदार मोहल्ला में रहने वाले मोहम्मद साबिर ने नगर निगम से दुकान अलॉट कराई है। उसने इसके बदले नगर निगम में शुल्क भी जमा कराया है।
वह अधिकृत तौर पर मेले में चूड़ी का कारोबार कर रहा है। उसकी दुकान के सामने उत्तरप्रदेश के उस्मान और उसके साथियों ने ठेला लगा लिया। उन्हें कई बार समझाया कि वह दुकान के सामने ठेला न लगाए, इससे उसका कारोबार प्रभावित हो रहा है। सोमवार को एक बार फिर समझाने की कोशिश की तो वे गाली-गलौच पर उतर और मारपीट करने लगे। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी और दोनों को महाकाल थाने भेज दिया।
यहां भी साबिर ने यही कहा कि उसका कोई दोष नहीं है। उसने नगर निगम में राशि जमा की है। यह ठेले वाले मेले में आकर अधिकृत दुकानदारों को परेशान कर रहे हैं।
गौरतलब है कि नगर की गैंग रोजाना अनाधिकृत रूप से ठेले लगाने वालों को हटा रही है। अब तक दो दर्जन से ज्यादा अतिक्रमण करने वालों को खदेड़ा गया है। इसके बावजूद बाहर से आने वाले बाज नहीं आ रहे हैं।









