पहले दिन 42 लोगों ने टेलीस्कोप से देखा कैसे हैं चांद की सतह पर गड्ढे

उज्जैन। यंत्रमहल मार्ग स्थित शासकीय जीवाजी वेधशाला में खगोलप्रेमियों का जमावड़ा था। मन में उत्सुकता थी कि चांद की सतह पर गड्ढे कैसे होंगे। जैसे ही नंबर आया चेहरे पर मुस्कुराहट आ गई।
दरअसल, वेधशाला में आकाशीय अवलोकन शिविर की शुरुआत हुई। शाम 6 से रात 8 बजे तक लगने वाले कैम्प के पहले दिन सोमवार को 42 लोग शामिल हुए। टेलीस्कोप के माध्यम से उन्हें चांद की सतह के गड्ढे, बृहस्पति की सतह की पट्टियों एवं उसके उपग्रहों, सबसे सुंदर ग्रह शनि को उसकी वलय के साथ तथा धरती के नजदीकी ग्रह शुक्र को उसकी चंद्रमा की तरह कलाओं के साथ अवलोकन करवाया गया। साथ ही प्रश्नों का जवाब भी दिया। वेधशाला अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त ने बताया शिविर १२ जनवरी तक चलेगा। इसमें १० वर्ष से अधिक उम्र के बच्चे शामिल होंगे। हर प्रतिभागी को 20 रुपए शुल्क देना होगा।









