महाकालेश्वर के दरबार में प्रशासन की मनमानी, VIP कल्चर बना परेशानी

गणेश मंडपम् में धक्का-मुक्की और अव्यवस्था के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल…

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। कहते हैं भगवान के दरबार में कोई छोटा या बड़ा नहीं होता, भगवान के लिए सभी भक्त समान होते हैं लेकिन 12 ज्योतिर्लिंग में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में ऐसा नहीं है। यहां वीआईपी कल्चर का चलन है जो श्रद्धालुओं की परेशानी का सबब बनता जा रहा है।
मंदिर प्रशासन की मनमानी इसे और बढ़ावा दे रही है। इसी का परिणाम रहा महाशिवरात्रि और उसके अगले दिन मंदिर में अव्यस्थाओं की सुनामी आ गई। मंदिर से जुड़े ऐसे कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिसे देख यूजर्स जमकर भड़ास निकाल रहे हैं। इससे मंदिर की प्रतिष्ठा तो धूमिल हो ही रही है, श्रद्धालु बुरी यादें लेकर लौट रहे हैं।
क्रिस्टल के सुरक्षाकर्मियों की गुंडागिर्दी
सोशल मीडिया पर 54 सेकंड का पहला वीडियो जो वायरल हो रहा है जिसमें क्रिस्टल के सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं से अभद्रता करते नजर आ रहे हैं। उनके हौसले इतने बुलंद हैं कि वहां तैनात पुलिसकर्मी को भी धक्का मार रहे हैं, ऐसे में आम श्रद्धालुओं के साथ किस तरह व्यवहार किया जाता होगा, इसे महसूस किया जा सकता है, जबकि मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा एजेंसी के हर सुरक्षाकर्मी को महाशिवरात्रि पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए थे लेकिन सिक्योरिटी गार्ड इन निदेर्शों को घोलकर पी गए।
नंदी हॉल से चांदी द्वार तक पहुंचे श्रद्धालु, देखती रही पुलिस
सोशल मीडिया पर वायरल तीसरा और चौथा वीडियो नंदी हॉल का है जो 33 और 12 सेकंड का है। वीडियो में नजर आ रहा है कि वीआईपी कल्चर के चलते भस्मारती में इतने लोगों को प्रवेश दे दिया कि आरती खत्म होते ही भीड़ बेकाबू सी हो गई, पूरा नंदी हॉल भर गया, जबकि महाशिवरात्रि पर यहां किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं थी। श्रद्धालु चांदी द्वार तक पहुंच गए लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मी और सुरक्षागार्डस खड़े-खड़े देखते रहे। किसी ने भी व्यवस्था बनाने की कोशिश नहीं की क्योंकि इसमें अधिकांश वीआईपी और उनके अपने थे।
अपनों को एंट्री, फिर गेट बंद
दूसरा वायरल वीडियो 10 सेकंड का है जो ओंकारेश्वर मंदिर परिसर के समीप चैनल गेट का है। गेट के अंदर और बाहर पुलिसकर्मी मौजूद थे। पास में श्रद्धालु अंदर जाने के लिख खड़े थे।
तभी पुलिसकर्मियों ने गेट से ‘अपनों’ को एंट्री करवाई और उसके चैनल गेट को बंद कर लिया। इसे लेकर श्रद्धालुओं ने शोर भी किया लेकिन वर्दीवालों के आगे वह बेबस नजर आए। इसी आपाधापी में श्रद्धालु भी गिर गया जो दिव्यांग था। जैसे-तैसे घसीटते हुए वह गेट के अंदर पहुंचा। इसके बाद गेट बंद कर दिया गया।








