154 करोड़ रु. से शिप्रा किनारे बनेगा सिक्सलेन

19 किलोमीटर लंबा सिंहस्थ बायपास 430 करोड़ से दोबारा बनाने का लगा टेंडर

सिंहस्थ-2028 के लिए शनि मंदिर से कालभैरव तक मिलेगा इनर बायपास
सुधीर नागर उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के लिए इस बार मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। पहली बार महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शनि मंदिर से कालभैरव मंदिर तक सिक्सलेन रोड 154 करोड़ रुपए से बनाया जाएगा। दूसरी ओर 2016 में बने सिंहस्थ बायपास को 430 करोड़ रुपए से दोबारा बनाया जाएगा। इसकी चौड़ाई भी बढ़ाई जा सकती है। दोनों के टेंडर लगा दिए गए हैं। अक्टूबर माह से काम शुरू होने की संभावना है।
शनि मंदिर से कालभैरव मंदिर को चौड़े रोड से जोडऩे के लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण को प्रोजेक्ट सौंपा गया है। प्राधिकरण प्रशासन ने इसकी योजना तैयार कर 154.79 करोड़ रुपए का टेंडर लगा दिया है। सितंबर माह अंत तक निर्माण एजेंसी तय होने की संभावना है। इसके बाद काम शुरू हो सकेगा। शिप्रा नदी के पश्चिमी किनारे पर 200 मीटर ग्रीन बेल्ट छोडक़र यह रोड बनाया जाएगा। करीब 11 किलोमीटर लंबे एमआर 22 नामक इस रोड को 30 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। इसमें सीमेंट कांक्रीट का फुटपाथ होगा और यू शेप ड्रेन होगा जो कवर्ड होगा। टेंडर जारी होने के साथ ही इसके बनने की राह साफ हो गई है। इससे सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालु इंदौर रोड स्थित शनि मंदिर से कालभैरव मंदिर तक आसानी से आवागमन कर सकेंगे। यह इनर बायपास के रूप में भी काम करेगा।
सिंहस्थ बायपास दोबारा बनाने के लिए 430 करोड़ का टेंडर
19.815 किलोमीटर लंबे सिंहस्थ बायपास को दोबारा बनाया जाएगा। इसका अपग्रेडेशन भी किया जाएगा। इसके लिए एमपीआरडीसी ने टेंडर लगा दिया है। नानाखेड़ा से बडऩगर रोड और आगर रोड को एक सर्कल में जोडऩे के लिए यह बायपास दोबारा बनाया जाएगा। इसका टेंडर भी सितंबर अंत तक खुलने की संभावना है। एजेंसी तय होने के बाद इसका काम भी अक्टूबर से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
64 करोड़ के दो ओवरब्रिज बनने की राह भी खुली
पंचकोशी मार्ग स्थित लालपुर में एलसी 7 नंबर ब्रिज बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने 27.97 करोड़ रुपए की लागत से ओवरब्रिज बनाने का टेंडर लगाया है। इससे ओवरब्रिज फोरलेन हो जाएगा। अभी टू लेन ब्रिज निर्माणाधीन है। मक्सी रोड पर भी फोरलेन ओवरब्रिज बनाने के लिए विभाग ने 36.56 करोड़ रुपए का टेंडर लगाया है। दोनों टेंडर सितंबर में खुलेंगे।









