जस्टिस सूर्यकांत सीजेआई नियुक्त

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के सीनियर जज जस्टिस सूर्यकांत को देश का 53वां चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया नियुक्त किया गया है। वे 24 नवंबर को शपथ लेंगे। कानून मंत्रालय ने यह जानकारी दी। वे मौजूदा सीजेआई भूषण रामकृष्ण गवई की जगह लेंगे। सीजेआई गवई का कार्यकाल 23 नवंबर को खत्म हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट के जज 65 साल की उम्र में रिटायर होते हैं। जस्टिस सूर्यकांत का कार्यकाल करीब 14 महीने का होगा। वे 9 फरवरी 2027 को रिटायर होंगे। सीजेआई गवई ने सोमवार को केंद्र सरकार से उनके नाम की सिफारिश की थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जस्टिस सूर्यकांत ने न्यायपालिका की 20 साल की सेवा में कई ऐतिहासिक फैसले सुनाए। पेगासस जासूसी मामले में वे उस बेंच का हिस्सा रहे, जिसने साइबर विशेषज्ञों की कमेटी बनाकर मामले की जांच करवाई। जस्टिस सूर्यकांत इंडियन ज्युडिशियरी की टॉप पोस्ट पर पहुंचने वाले हरियाणा के पहले शख्स होंगे। उनके नाम की सिफारिश करते हुए सीजेआई गवई ने कहा कि जस्टिस सूर्यकांत सुप्रीम कोर्ट की कमान संभालने के लिए उपयुक्त और सक्षम हैं।









