ट्रक ने 41 श्रद्धालुओं को कुचला, 15 मौतें, 26 घायल

दर्दनाक हादसा : मंदिर की लाइन में खड़े थे श्रद्धालु, रौंदता हुआ दीवार से टकराया ट्रक
ग्वालियर। ग्वालियर में शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने 41 श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। दो पुलिसकर्मी समेत 26 लोग घायल हैं। हादसा देर रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। सभी श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे लाइन में लगे थे। तभी चीनौर की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रक ढलान पर बेकाबू हो गया।
गूगल मैप से चल रहा था ट्रक, ब्रेक फेल
ड्राइवर गूगल मैप की मदद से ट्रक चला रहा था। ढलान पर ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और वह पुलिस चैकपोस्ट तोड़ते हुए लोगों को कुचलकर मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। इससे मंदिर की दीवार ढह गई। कई लोग मलबे में दब गए। घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और ट्रक मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
जीआरएमसी मेडिकल कॉलेज के दिन डॉक्टर आरकेएस धाकड़ का कहना है कि अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें से 12 लोगों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। दो का पोस्टमार्टम जारी है, बाकी एक महिला और एक पुरुष का इलाज चल रहा है। इनकी हालत गंभीर है। रात को चीनौर की ओर से मंदिर के पीछे वाली तरफ धान से ओवरलोड दो ट्रक आ गए। जानकारी के मुताबिक उनको पंजाब जाना था। ड्राइवर ने मोबाइल पर गूगल मैप लगाया और गूगल ने उनको यह रास्ता दिखा दिया। जब ढलान पर आए तो नीचे करीबन एक लाख लोगों की भीड़ दिखी। अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और ट्रक ढलान से लुढ़कता हुआ नीचे आ गिरा।
मृतकों के परिजन को 25 लाख देने की मांग
ग्वालियर हादसे के पीडि़तों के परिजन ने सरकार से आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उनका कहना है कि मृतकों के परिजन को 25 लाख और घायलों को 10 लाख रुपए की सहायता दी जाए। इसके साथ ही ट्रक चालक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जाए।
मंत्री राकेश शुक्ला बोले- मुख्यमंत्री हालात पर नजर रखे हैं, दोषियों पर कार्रवाई होगी
ग्वालियर हादसे में घायलों का हाल जानने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव घटना पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने घायलों और उनके परिजन से भी बात की है। हादसे में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि परिजन ने पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इनकी जांच की जा रही है। सरकार के अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। घायलों की आर्थिक मदद को लेकर भी मुख्यमंत्री से चर्चा हुई है।









