नुक्कड़ नाटक से समझाया सफाई का महत्व

200 सफाई मित्रों ने 24 घंटे संभाली महाकाल क्षेत्र की कमान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाशिवरात्रि पर महाकाल क्षेत्र में 200 सफाई कर्मचारी लगातार सफाई में लग रहे। महाकाल मंदिर क्षेत्र के चारों तरफ सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग के कंधों पर रही। स्वच्छता बनाए रखने के लिए 200 से अधिक सफाई मित्रों के साथ 40 स्वास्थ्य दरोगा, 3 हेल्थ ऑफिसर और 3 स्वच्छता निरीक्षकों की तैनाती की गई। इन टीमों ने शिफ्ट के अनुसार दिन-रात काम किया, जिससे श्रद्धालुओं को गंदगी का सामना नहीं करना पड़ा।
श्रद्धालु सहायता के लिए स्थापित किए कंट्रोल रूम
लाखों की भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। मंदिर और कतार मार्गों पर पानी के टैंकर, वाटर कैन और चलित शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था की गई। अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही लगातार जारी रही ताकि श्रद्धालुओं के आने-जाने में कोई बाधा न आए।
नुक्कड़ नाटक और वॉलंटियर्स ने जगाई जागरूकता
स्वच्छता अभियान की सहयोगी आईईसी एजेंसी के 100 से अधिक वॉलंटियर्स और सुपरवाइजर्स ने मैदान में उतरकर मोर्चा संभाला। टीम ने श्रद्धालुओं से प्लास्टिक का उपयोग न करने, कचरा डस्टबिन में डालने और गीला-सूखा कचरा अलग रखने की अपील की। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से रोचक अंदाज में स्वच्छता का संदेश दिया गया, जिसने आगंतुकों का ध्यान खींचा। महाकाल मंदिर के साथ-साथ शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों पर भी निगम द्वारा ऐसी ही विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।









