लालच: युवती से ऑनलाइन गेमिंग में 1 लाख रू. की ठगी

ग्वालियर। ग्वालियर में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर एक युवती से 1 लाख 1 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। यह घटना अगस्त 2025 की बताई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ठगी की रकम के ट्रांसफर खातों और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। भदरोली गांव की निवासी 30 वर्षीय वर्षा राजावत इस ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई हैं। उन्होंने 1 अगस्त से 15 अगस्त के बीच अपने मोबाइल पर एक ऑनलाइन गेम खेलना शुरू किया था। गेम के दौरान उन्हें अधिक पैसे कमाने का लालच दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
आरोपियों ने छोटे-छोटे टास्क और रिवॉर्ड के जरिए पहले उनका विश्वास जीता, फिर धीरे-धीरे उनसे पैसे ट्रांसफर करवाए। वर्षा को ठगी का एहसास तब हुआ जब उनके बैंक खाते से लगातार रकम कटने के मैसेज आने लगे। उनके खाते से कुल 1 लाख 1 हजार रुपए निकाले जा चुके थे। इसके बाद वर्षा ने तत्काल राष्ट्र्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। हेल्पलाइन के माध्यम से यह मामला जांच के लिए महाराजपुरा पुलिस को भेजा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह साइबर धोखाधड़ी का मामला प्रतीत होता है। आरोपियों ने ऑनलाइन गेमिंग के बहाने युवती को झांसे में लिया और रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवाया। पुलिस अब बैंक विवरण और लेनदेन की जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।









