पीएम देंगे मप्र को 2 नई अमृत भारत की सौगात

भोपाल-इटारसी-जबलपुर-हरदा-खंडवा के लोगों को मिलेगा विशेष लाभ

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 28 अप्रैल को मध्यप्रदेश के रेल यात्रियों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आ रहे हैं। पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश की अत्याधुनिक और किफायती अमृत भारत एक्सप्रेस की दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें से एक ट्रेन बनारस से और दूसरी अयोध्या कैंट से संचालित होगी, जो मध्यप्रदेश के कई महत्वपूर्ण औद्योगिक और धार्मिक शहरों को सीधे उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से जोड़ेंगी।
पहला रूट अयोध्या कैंट से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच है, जो जबलपुर और इटारसी होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान प्रयागराज से चलकर यह ट्रेन मानिकपुर, सतना, जबलपुर और इटारसी जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद भुसावल, जलगांव और नासिक होते हुए मुंबई तक जाएगी। इस ट्रेन के शुरू होने से जबलपुर और सतना के यात्रियों को अयोध्या और मुंबई के लिए एक तेज विकल्प मिलेगा।
भोपाल-इटारसी को मिलेगी सीधा कनेक्टिविटी
दूसरा रूट बनारस से हडपसर (पुणे) के बीच है। बनारस से शुरू होने वाली यह अमृत भारत एक्सप्रेस मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और इटारसी को सीधा कनेक्टिविटी देगी। बनारस और प्रयागराज के रास्ते यह ट्रेन बीना, रानी कमलापति (भोपाल), नर्मदापुरम और इटारसी पहुंचेगी। इसके बाद यह हरदा, खंडवा और भुसावल होते हुए पुणे के हडपसर स्टेशन तक जाएगी। यह ट्रेन खासतौर पर भोपाल और नर्मदापुरम के उन यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी जो पुणे या बनारस की यात्रा करते हैं। अमृत भारत एक्सप्रेस पूरी तरह से गैर-वातानुकूलित ट्रेन है, लेकिन इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए फोल्डेबल स्नैक टेबल, मोबाइल होल्डर, चार्जिंग पॉइंट और आधुनिक शौचालयों के साथ बेहतर कुशन वाली सीटें दी गई हैं।


