मप्र: 62 आईपीएस के तबादले, 19 एसपी बदले

अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। मध्यप्रदेश में शनिवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य सरकार ने 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। गृह विभाग द्वारा जारी इस सूची में एडीजी, डीआईजी, एसपी और डीसीपी स्तर तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। लंबे समय से लंबित यह सूची मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डीजीपी कैलाश मकवाणा के बीच हुई चर्चा के बाद जारी की गई। सिंगरौली में हाल ही में हुए बैंक डकैती कांड के बाद स्क्क मनीष खत्री को हटा दिया गया है। उन्हें एआईजी पीएचक्यू बनाया है। सिवनी जिले में सामने आए हवाला कांड के
चलते एसपी सुनील मेहता को भी हटा दिया गया है।

एसपी से डीआईजी स्तर तक बड़ा फेरबदल
डीआईजी बनने के बाद जिलों में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी निभा रहे आईपीएस अधिकारियों को नई पदस्थापना दी है। रीवा एसपी शैलेंद्र चौहान को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), नगरीय भोपाल बनाया है। धार एसपी मयंक अवस्थी को डीआईजी नारकोटिक्स, इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधीक्षक झाबुआ शिवदयाल को डीआईजी पीएचक्यू, भोपाल पद पर पदस्थ किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेडियो रियाज इकबाल को डीआईजी पीएचक्यू, राहुल कुमार लोढ़ा (एसपी रेल भोपाल) को डीआईजी पीएचक्यू, सिमाला प्रसाद (एसपी रेल जबलपुर) को भी डीआईजी पीएचक्यू में पदस्थ किया गया है। असित यादव (एसपी भिंड) को डीआईजी ग्वालियर रेंज और विवेक सिंह (पुलिस उपायुक्त
जोन-2, नगरीय भोपाल) को डीआईजी शहडोल रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन 19 जिलों के एसपी बदले
बदलाव में कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी गई है। खास तौर पर विवादों में रहे जिलों के पुलिस अधीक्षकों को हटाते हुए नई पोस्टिंग दी गई है। प्रदेश के 19 जिलों में एसपी बदले गए हैं। इनमें भिंड, शिवपुरी, रीवा, सागर, धार, मुरैना, छतरपुर, खंडवा, नीमच, पांढुर्णा, आगर मालवा, अनूपपुर, मऊगंज, डिंडौरी, मंदसौर, दतिया, सीहोर, सिंगरौली, दमोह और सिवनी शामिल हैं।









