एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने मंगलवार को ईंधन के दामों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा किया। खास बात यह है कि केवल एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार कीमतें बढ़ाई गई हैं, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है।
इससे पहले शुक्रवार को केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। उस फैसले के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया था। अब ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
अन्य महानगरों में भी ईंधन की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। मुंबई में पेट्रोल 107.59 रुपये और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 109.70 रुपये और डीजल 96.07 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं चेन्नई में पेट्रोल 104.49 रुपये और डीजल 96.11 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है।
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर अब आम लोगों के बजट के साथ-साथ परिवहन और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है।









