भस्मार्ती : सांप घुसने की अफवाह से भक्तों के बीच अफरातफरी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भगवान महाकाल की भस्मार्ती में शुक्रवार सुबह सांप घुसने की अफवाह से देर के लिए अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने लोगों को संभाला और शांत करवाया। करीब 15 मिनट यह स्थिति बनी रही। शुक्रवार सुबह 4 बजे करीब यह स्थिति बनी।
जब नंदी हॉल और गणेश मंडपम् दर्शनार्थियों से खचाखच भरे थे। तभी किसी ने अफवाह उड़ा दी कि सांप घुस आया है। सांप का नाम सुनते ही श्रद्धालु अपनी जगह उठ खड़े हुए और आसपास दौडऩे लगे। कुछ लोग बैरिकेड्स पर चढ़ गए। हालांकि, वहां तैनात सुरक्षाकर्मी उनके बीच पहुंचे और उन्हें शांत करवाया। बाद में पता चला कि यह केवल अफवाह थी।
सुरक्षाकर्मियों ने संभाले हालात: हड़बड़ाहट में लोग जब यहां वहां होने लगे और बैरिकेड्स पर चढऩे लगे तो वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हालात संभाले और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। करीब 15 मिनट अफरा तफरी का माहौल रहा। लोगों को बताया गया कि यहां कोई सांप नहीं है और सांप आ भी नहीं सकता है। इसके बाद लोग शांत होकर अपनी-अपनी जगह बैठे। इस घटना के बाद भस्मार्ती शुरू हुई।
सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने बताया छिपकली को देखकर कुछ लोग डर गए थे इस कारण कुछ देर के लिए अफरा तफरी हुई थी सांप नहीं निकला है
महाकालेश्वर मंदिर में दिल्ली के कपल ने एक दूसरे को अंगूठी पहनाई, वीडियो वायरल
उज्जैन। भगवान महाकाल के मंदिर में सख्त प्रतिबंध के बावजूद रील बनाने और सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली से आए एक कपल ने न केवल मंदिर के भीतर वीडियो बनाया बल्कि गणेश मंडपम् के पहले बैरिकेड के पास भगवान महाकाल को साक्षी मानकर एक-दूसरे को रिंग पहनाकर सगाई भी कर ली।
इस घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट होते ही तेजी से वायरल हो गया जिसके बाद मंदिर प्रबंधन में खलबली मच गई है। यह वीडियो दिल्ली के पुलकित मल्होत्रा और गिन्नी खंडूजा ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट किया था। वीडियो के बैकग्राउंड में लिखा गया था, ‘जब महाकाल राजी तो क्या करेगा काजी। वीडियो में दोनों वीआईपी (प्रोटोकॉल) रास्ते से एक-दूसरे का हाथ थामकर मंदिर में प्रवेश करते, साथ में पूजा-अर्चना करते और फिर गणेश मंडपम् में डिब्बे से रिंग निकालकर एक-दूसरे को पहनाते नजर आ रहे हैं।
इस घटना ने महाकाल मंदिर की सुरक्षा और दोहरे मापदंडों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आम श्रद्धालुओं के हाथ में मोबाइल देखते ही उसे तुरंत बंद करवाने वाले सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी उस वक्त कहां थे, जब यह कपल सगाई की रस्म निभा रहा था और वीडियो शूट हो रहा था? कपल प्रोटोकॉल वाले रास्ते से अंदर पहुंचा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस कपल को मंदिर के ही एक पुजारी के माध्यम से प्रवेश मिला था और यह वीडियो भी उनके किसी सहायक ने बनाया था।









