कबाड़ गोदाम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों के नुकसान की आशंका

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन जिले के बडऩगर में भगवती माता मंदिर मार्ग स्थित कबाड़ गोदाम में शनिवार रात करीब ९ बजे आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार दमकल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। हालांकि, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई लेकिन आग से गोदाम में रखा प्लास्टिक, पुराने और अन्य कबाड़ पूरी तरह जलकर राख हो गया।
बडऩगर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि गोदाम संचालक शोएब पिता अब्बू पहलवान है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के दौरान जेसीबी की सहायता से गोदाम के टीन शेड और पतरे हटाए। इसके बाद अंदर सुलग रही आग को बुझाने का काम किया गया। करीब डेढ़ घंटे तक राहत और बचाव कार्य चलता रहा। हालांकि, बीच-बीच में प्लास्टिम में आग सुगलती रही। प्रारंभिक आंकलन के अनुसार लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई गई है। प्रशासन और संबंधित विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।









