बुंदेला गैंग के कुख्यात काला ने कबूला डग के अमजद लाला का नाम, उससे लाया था एमडी, लाला की तलाश

चार दिन के रिमांड पर रखकर चिमनगंज पुलिस कर रही पूछताछ
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बुंदेला गैंग के कुख्यात सदस्य जयेंद्र उर्फ काला बुंदेला ने ड्रग्स सप्लाई में डग के अमजद लाला का नाम लिया है। लाला की गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस कर रही है। काला चार दिन के रिमांड पर है।
दरअसल चिमनगंज थाना क्षेत्र में सक्रिय बुंदेला गैंग हफ्ता वसूली, ड्रग कार्टल और माफिया का काम करती है। इसका संचालक जीतू बुंदेला जेल में है। उसका छोटा भाई धम्मू उर्फ धर्मेंद्र बुंदेला भतीजे जयेंद्र उर्फ काला बुंदेला के साथ मिलकर ड्रग्स का काम कर रहा था। धम्मू को पुलिस ने 28 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया था लेकिन जयेंद्र फरार था। वह गुजरात के द्वारका में जाकर छिपा हुआ था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे द्वारका से गिरफ्तार किया और पूछताछ शुरू की। कोर्ट में पेश कर उसका रिमांड मांगा गया। कोर्ट ने चार दिन के रिमांड पर काला को पुलिस को सौंपा है।
शिवशक्ति नगर तक पैदल ले गई पुलिस
जयेंद्र उर्फ काला को पूछताछ के लिए उसके शिवशक्तिनगर स्थित घर ले जाया गया। पुलिस उसे पैदल ही लेकर पहुंची। इस दौरान हथकड़ी पहने काला सिर झुकाकर चलता रहा। टीआई विवेक कनोडिय़ा ने बताया कि काला ने ड्रग्स डग से लाना बताया है। उसने अमजद लाला का नाम लिया है। डग निवासी अमजद का नाम कुछ दिन पहले घातक केमिकल की सप्लाई करने वाले अर्पित गुप्ता ने भी लिया था। उसने अमजद लाला को केमिकल सप्लाई किया था। पुलिस अब अमजद लाला की तलाश कर रही है। उसके पकड़ाने के बाद ड्रग कार्टल का खुलासा होगा।
काला हिस्ट्रीशीटर है, एक दर्जन से ज्यादा गंभीर अपराध
काला हिस्ट्रीशीटर है। उस पर उज्जैन के अलग-अलग थाने में एक दर्जन से ज्यादा अपराध दर्ज है। यह मामले ड्रग्स सप्लाई, अवैध शराब तस्करी, अवैध हथियार रखने, धमकी, बलवा के हैं। नीलगंगा थाने के एक मामले में भी वह वांछित है। कनोडिय़ा के मुताबिक आरोपी से पूछताछ जारी है। कुछ और खुलासे होने की संभावना है।
दस हजार का इनामी गिरफ्तार
पुलिस ने दस हजार रुपए के इनामी बदमाश अविनाश सुनहरा को गिरफ्तार कर लिया है। हीरा मिल की चाल का निवासी सुनहरा स्थायी वारंटी था। माधवनगर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की है।
View this post on Instagram









