एलिवेटेड ब्रिज : 4 किमी लंबा बनेगा आगर रोड फोरलेन ब्रिज, अफसरों ने देखी जगह

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ के पहले आगर रोड पर एलिवेटेड ब्रिज बनाने के लिए प्रशासन ने जमीनी तैयारी शुरू कर दी है। सुगम यातायात प्रबंधन के लिए यह फोरलेन ब्रिज आगर रोड पर मकोडिय़ा आम इंदिरा नगर से हरिफाटक ओवर ब्रिज के पास तक बनाया जाएगा।
सोमवार को संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने प्रशासनिक अमले के साथ प्रस्तावित एलिवेटेड ब्रिज निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी साथ थे। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित एलिवेटेड फोरलेन ब्रिज लगभग 4 किलोमीटर लंबा होगा। जो आगर रोड स्थित मकोडिय़ाआम से शुरू होगा। चामुंडा माता चौराहा, रेलवे स्टेशन होते हुए यह हरिफाटक ओवरब्रिज तक जाएगा। इस ब्रिज का एक छोर सीधे हरिफाटक ब्रिज से जुड़ेगा, जिससे शहर के भीतर आने वाले भारी यातायात को एक नया और सुगम मार्ग मिलेगा। अधिकारियों के मुताबिक, सिंहस्थ के दौरान भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने में यह ब्रिज बेहद उपयोगी सिद्ध होगा।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एलिवेटेड ब्रिज के निर्माण को लेकर जल्द से जल्द एक व्यापक और फुलप्रूफ प्लान तैयार किया जाए, ताकि काम समय पर शुरू हो सके।
ढाबा रोड व दानी गेट मार्ग चौड़ीकरण में तेजी के निर्देश
एलिवेटेड ब्रिज के स्थल निरीक्षण के बाद संभागायुक्त और कलेक्टर ने ढाबा रोड से दानी गेट तक चल रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर अिफसरों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने काम की गति बढ़ाने के साथ ही निर्माण की गुणवत्ता को पूरी तरह बनाए रखने की हिदायत दी।









