खेत पर जा रहा था, रास्ते में मिली भाई की लाश पड़ोसियों पर लगाया हत्या का आरोप, दो गिरफ्तार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इंगोरिया थाने के बलेड़ी में रहने वाले एक युवक की रंजिश में हत्या कर दी गई। युवक के भाई ने पड़ोस में रहने वाले दो लोगों पर साथियों के साथ हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो फरार हैं।

दरअसल, बलेड़ी के रहने वाले 36 साल के राहुल पिता कालूसिंह का पड़ोसी भूरा और रोहित से विवाद चल रहा था। यह विवाद घर के सामने नाली बनाने को लेकर था। गुरुवार रात 12 बजे राहुल घर से खेत पर जाने का कहकर निकला था। रास्ते में उस पर जानलेवा हमला किया गया। इसी बीच राहुल का भाई शिवा भी खेत के लिए निकला तो रास्ते में भाई घायल हालत में मिला। परिजनों की मदद से वह भाई को अस्पताल लेकर आया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। भाई शिवा ने बताया कि भूरा और रोहित से रंजिश थी। इन लोगों ने बदनावर में रहने वाले दीपक और रतलाम के विशाल को बुला रखा था। इन सभी ने मिलकर हमला बोल दिया। पुलिस ने भूरा और रोहित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुराने विवाद में तलवार मारी
उज्जैन। पुराने विवाद में एक शख्स को तलवार मारकर घायल कर दिया गया। 41 साल के उत्तमसिंह पिता मनोहरसिंह बांदका का रहने वाला है। उसका पड़ोसी बहादुरङ्क्षसह और कृष्णपाल सिंह से पुराना विवाद चल रहा है। गुरुवार को इन्होंने उत्तमसिंह पर हमला बोल दिया। तलवार से किए हमले में उत्तम को गहरी चोट लगी है। बीच-बचाव करने आई उसकी मां भी कौशल्या बाई भी घायल हुई है। उनके हाथ में फ्रैक्चर है।
नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले को 48 घंटे में दबोचा
उज्जैन। उन्हेल पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले शातिर आरोपी को महज 48 घंटे के भीतर दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 8 जून की है। नाबालिग पीडि़ता ने अपने परिजनों के साथ उन्हेल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी देवा पिता राजेश, निवासी लाडूखेड़ा, देर रात उसके घर की कुंडी खोलकर जबरन अंदर घुस आया। घर में दाखिल होते ही आरोपी ने पीडि़ता पर जबरन शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब नाबालिग ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा।
बहन को दी जान से मारने की धमकी
फरियादिया के मुताबिक, घटना के दौरान उसकी बहन अचानक वहां पहुंच गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने आपा खो दिया और दोनों बहनों को ज़बान बंद रखने तथा जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। उन्हेल पुलिस ने आरोपी देवा के खिलाफ मामला दर्ज कर पकडऩे के लिए टीम बनाई। दो दिनों के भीतर 10 जून को आरोपी देवा को लाडूखेड़ा से गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है।









