85 हजार से ज्यादा की अवैध शराब जब्त, पिता-पुत्र गिरफ्तार, एक फरार

बडऩगर पुलिस ने की कार्रवाई, आज करेंगे कोर्ट में पेश

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बडऩगर के ग्राम जाफला में हाजी इब्राहिम शहीद दरगाह के सामने गार्डन में बने कमरे पर दबिश देकर पुलिस ने गुरुवार रात बड़ी मात्रा में देशी व विदेशी शराब जब्त की है। मामले में आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है, जबकि इनका एक साथी फरार है जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
गिरफ्त में लिए आरोपियों को पुलिस शुक्रवार दोपहर बाद कोर्ट में पेश करेगी।
बडऩगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जाफला में हाजी इब्राहिम शहीद दरगाह के सामने गार्डन में बने कमरे में बड़ी मात्रा में शराब रखी है जिसे बेचने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद पुलिस तत्काल एक्शन में आई और गुरुवार रात 11 से 11.30 बजे के बीच मौके पर पहुंचकर दबिश दी। यहां से पुलिस ने तुलसीराम पिता चंदरसिंह हाड़ा निवासी जाफला और उसके पुत्र नारायण सिंह पिता तुलसीराम हाड़ा को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ६ पेटी अंग्रेजी शराब, अंग्रेजी शराब की २० बोतल और देशी प्लेन शराब के 50 क्वार्टर जब्त किए हैं। जिसकी कीमत 85,200 रुपए बताई गई है। आरोपी शराब को बेचने की फिराक में थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस पहुंच गई। दोनों आरोपियों को शुक्रवार दोपहर बाद कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। इधर, आरोपी पिता-पुत्र का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, जबकि इनके फरार साथी की तलाश की जा रही है।









