करंट लगने से गिरे, सिर पर पत्थर लगने से मौत

उज्जैन। गुरुवार को कायथा के ग्राम दौंटाजागीर मेें किसान की मौत हो गई। मृतक का नाम धन्नालाल पिता दत्ताजी (६०) है। वो गुरुवार शाम को खेत के कुएं पर लगी मोटर के तार ठीक कर रहा था। उसी वक्त उसे करंट लगा। गिरने से सिर पर पत्थर की चोट लगने से वह गंभीर घायल हो गया। पत्नी कलीबाई अन्य लोगों की मदद से उसे लेकर चरक अस्पताल पहुंची जहां रात में धन्नालाल की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

लोडिंग की टक्कर से युवक की मौत
उज्जैन। गुरुवार को लोडिंग वाहन की टक्कर से पीटीएस के सामने मक्सी रोड पर युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम इकबाल खान पिता अमील खान (35) निवासी पिंगलेश्वर है। गुरुवार सुबह वह उज्जैन आ रहा था तभी पीछे से आ रही लोडिंग गाड़ी (एमपी 41 जीए 0539 ने उसे टक्कर मार दी। इलाज के दौरान गुरुवार दोपहर इकबाल की मौत हो गई। पंवासा पुलिस ने प्रकरण कायम किया है।
खेत पर जाते वक्त दुर्घटना, मौत
उज्जैन। सुसनेर थाना क्षेत्र के ग्राम कायरा निवासी ५० वर्षीय अमरसिंह पिता इंदरसिंह को 15 जून को घर से पैदल खेत जाते वक्त रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। उन्हें इलाज के लिए उज्जैन के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। यहां पर गुरुवार रात करीब 8 बजे अमरसिंह की मौत हो गई। परिवार में अमरसिंह की बेटी और पत्नी है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
भैरव मंदिर पर सामान रखा तो पीटा
उज्जैन। देवासगेट थाना क्षेत्र स्थित माल गोदाम के पास मौजूद भैरव मंदिर पर सामान रखने की बात को लेकर चाय का ठेला लगाने वाले व्यक्ति ने मारपीट की। मामले में देवासगेट पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि इंदौरगेट पर माल गोदाम के पास आकाश शर्मा निवासी दरगाह मंडी चाय का ठेला लगाता है। पास में ही भैरव मंदिर है। गुरुवार को नवीन मालवीय पिता मदनलाल मालवीय (२७) निवासी अंकपात मार्ग अमनेशपुरा ने मंदिर पर अपना सामान रख दिया। इसी बात को लेकर आकाश भड़क गया और देखते ही देखते विवाद शुरू हो गया। इसके बाद कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि आकाश ने नवीन मालवीय के साथ मारपीट की। देवासगेट पुलिस ने केस दर्ज किया।









