शराब के विवाद में दोस्त को मारकर कपड़ों के ढेर में छिपाई लाश, दो पुलिस हिरासत में

उज्जैन। भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कालियादेह महल स्थित बावन कुंड के पास शुक्रवार दोपहर को कुछ लोग कुंड से सिक्के निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पास ही पड़े कपड़ों के एक बड़े ढेर पर पड़ी। संदेह होने पर जब लोगों ने कपड़ों को हटाया, तो वहाँ चारों तरफ खून फैला था और नीचे एक व्यक्ति की लाश दबी थी। घटना की जानकारी मिलते ही भैरवगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो साफ हो गया कि व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर शव को छिपाने के उद्देश्य से कपड़ों से ढका गया था।

कुछ ही देर में मृतक की पहचान 40 वर्षीय हीरालाल पिता मोतीराम केवट के रूप में हुई। हीरालाल के साथ आबूखाना क्षेत्र के रहने वाले मुकेश केवट और दिलीप केवट अक्सर उठते-बैठते थे। ये तीनों ही नशे के आदी थे और उन्हें गुरुवार देर शाम भी एक साथ देखा गया था। पुलिस ने कुछ घंटों में दोनों हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सामने आया है कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दोनों ने हीरालाल के सिर पर भारी वस्तु से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया और शव को पुराने कपड़ों में छुपाकर भाग निकले थे।
सात साल पहले छूट गया था परिवार का साथ: हीरालाल के भाई सुरेश केवट पुलिस को बताया कि हीरालाल अत्यधिक शराब पीने का आदी था, जिसके कारण उसकी पत्नी सात साल पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी। एक बेटा और एक बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बच्चों ने भी उससे नाता तोड़ लिया था। परिवार से अलग होने के बाद हीरालाल बावन कुंड के आसपास ही रहता था और मछली पकड़कर अपना जीवन यापन कर रहा था। टीआई एसपी सिंह राजावत के मुताबिक फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही हत्याकांड का पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा।









