आधार कार्ड भूली छात्राओं के लिए पुलिस बनी मददगार, दिलाया प्रिंट

नीट री-एग्जाम : पुलिस का संवेदनशील और सराहनीय चेहरा सामने आया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रविवार को नीट परीक्षा के दौरान पुलिस का संवेदनशील और सराहनीय चेहरा सामने आया। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल ने कानून व्यवस्था के साथ कई परीक्षार्थियों का सहयोग कर भविष्य भी बचा लिया।
महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उमावि सराफा परीक्षा केंद्र पर पहुंचीं लगभग चार छात्राएं जल्दबाजी में अपना आधार कार्ड घर पर ही भूल आई थीं। मूल पहचान पत्र न होने के कारण उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलने में कठिनाई आ रही थी और छात्राएं बेहद तनाव में थीं। ड्यूटी पर तैनात निरीक्षक गगन बादल के निर्देश पर एएसआई चंद्रभान सिंह चौहान व प्रधान आरक्षक मनीष यादव ने तत्काल छात्राओं के परिजनों से संपर्क किया और व्हाट्सएप पर आधार कार्ड की कॉपी मंगवाकर पास की दुकान से प्रिंट आउट निकलवाकर छात्राओं को उपलब्ध कराया, जिससे वे सही समय पर परीक्षा में शामिल हो सकीं।
लापरवाही : बैग रखने के लिए परेशान होते रहे बच्चे
इधर, नागझिरी स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में लापरवाही भी सामने आई। जिन स्टूडेंट्स को यह सेंटर अलॉट हुआ था उनके एडमिट कार्ड पर पीएमश्री केवी लिखा था, शार्ट फॉर्म में केवी लिखा होने से कई विद्यार्थी केंद्रीय विद्यालय को लेकर गफलत में रहे और पता पूछते रहे। फिर उन्हें बताया गया कि वह सही सेंटर पर पहुंचे हैं। वहीं कई बच्चे विजयागंज मंडी (देवास), आलोट, ससुनेर जैसी जगहों से भी आए। वह अपने साथ बैग भी लेकर आए थे, जबकि नियमानुसार परीक्षार्थियों को निर्धारित वस्तुओं के अलावा कुछ लेकर नहीं आना था। ऐसे में वह बैग रखने के लिए भटकते रहे लेकिन बाद में बाहर ही रखकर एग्जाम के लिए अंदर दाखिल हुए।
अस्वस्थ छात्रा को पहुंचाई मेडिकल सहायता
एएसआई चौहान ने बताया एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिसकर्मियों ने उसका चैकअप किया। बीपी लो मिला तो मेडिकल टीम बुलाकर उसे चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। कुछ देर में ही छात्रा सामान्य हो गई और उसने परीक्षा दी।
परीक्षार्थियों और अभिभावकों को कराया नाश्ता
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर की ओर से नीट परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए चाय और पोहा नाश्ते की व्यवस्था की गई। प्रशासक प्रथम कौशिक के निर्देश पर सभी 8 परीक्षा केंद्रों पर यह व्यवस्था की गई थी। मंदिर के अन्नक्षेत्र ने परीक्षा शुरू होने से पहले ही नाश्ते की व्यवस्था कर दी थी। इसे तैयार कर सेंटरों पर भेजा गया। व्यवस्था की कमान उप प्रशासक डिप्टी कलेक्टर सिम्मी यादव ने संभाली।









