डबरी में डूबे दो चचेरे भाई, मौत

उज्जैन। भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रलायता भोजा में मंगलवार दोपहर खेत के पास बनी शासकीय डबरी में नहाने गए दो नाबालिग चचेरे भाइयों की पानी में डूबने से मौत हो गई। भैरवगढ़ पुलिस के मुताबिक शाम लगभग 4 बजे पुलिस को ग्राम रलायता भोजा में दो बच्चों के डूबने की सूचना मिली थी। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय रितेश पिता भगवान बागरी और 11 वर्षीय आयुष पिता भेरूलाल बागरी के रूप में हुई है जो आपस में चचेरे भाई थे।

रितेश कक्षा 8वीं और आयुष कक्षा 5वीं का छात्र था। दोनों बच्चों के परिवारों के खेत डबरी के पास ही हैं। दोपहर में दोनों वहां नहाने के लिए गए थे, कपड़े और चप्पलें डबरी के बाहर ही रखे मिले। दोनों को डूबते हुए गांव के ही एक व्यक्ति ने देखा तो शोर मचाकर सभी को बुलाया। ग्रामीण मांगीलाल ने बिना वक्त गंवाए डबरी के गहरे पानी में गोता लगाया। करीब 20 फीट की गहराई में जाने पर दोनों चचेरे भाई एक-दूसरे से लिपटे हुए मिले। बेहद मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकालकर जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक रितेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। मंगलवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।









