बरसते पानी में गूंजा जय महेश का जयघोष

महेश नवमी के मौके पर माहेश्वरी समाज ने निकाला चल समारोह

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बरसते पानी में महेश नवमी के उपलक्ष्य में माहेश्वरी समाज ने मंगलवार को चल समारोह निकाला। जुलूस में पूरे रास्ते जय महेश के जयकारे लगते रहे। इससे पहले समाजजनों ने समाज के सराफा स्थित नृसिंह और गोलामंडी स्थित चारभुजानाथ मंदिर में दर्शन किए। यहां से समाजजन रैली के रूप मे निकास चौराहा पहुंचे। और फिर यहां से चल समारोह शुरू हुआ।
अश्व पर झंडा थामे दो समाजजन सबसे आगे चले। उनके पीछे बैंड था और रथ में भगवान महेश का चित्र रखा था। बैंड से मधुर भजनों की स्वरलहरियां गूंज रही थी। श्वेत परिधान पहने पुरुष और चुनरी पहनी महिलाएं जय महेश का जयघोष कर रही थीं। उल्लास से भरे समाजजन नाचते-गाते, जयकारे लगाते निकले तो लोग देखने के लिए रुक गए। समाजजनों ने केसरिया साफे बांध रखे थे। चल समारोह का आकर्षण भगवान का रथ था। निकास चौराहा, महेशनगर से होते हुए समाजजन महेशधाम पहुंचे। यहां मुख्य कार्यक्रम हुआ।
जगह-जगह स्वागत कचरा उठाया
चल समारोह का जगह-जगह स्वागत किया गया। इस दौरान पुष्पवर्षा भी की गई और लोगों का स्वागत पेय पदार्थ से किया गया। आयोजन समिति का फोकस सफाई पर रहा। स्वागत स्थल पर पेय पदार्थ वितरण से पैदा हुए कचरे का आयोजन समिति ने हाथोंहाथ उठवाया। समाजजनों की इस पहल की लोगों ने प्रशंसा की।
महेश धाम में सहभोज और लकी ड्रॉ
महेश धाम में लकी ड्रॉ खोला गया। इसकी विजेता सुनीता पलोड़ रहीं। लकी ड्रॉ के बाद सहभोज हुआ। माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष संजय लड्ढा, कोषाध्यक्ष राकेश चित्लांग्या सहित बड़ी संख्या में समाजजन इस मौके पर उपस्थित थे। समारोह में समाज के विष्णु जाजू, पुष्कर बाहेती, राजेंद्र समदारी, ऊषा सोडाणी, ऋतु समदानी, कविता सोडाणी, सुनीता लड्डा, सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल थे। इससे पहले सुबह महेश नवमी महोत्सव का शुभारंभ महेश धाम स्थित श्री बिलकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव एवं भगवान महेश का विधिवत पूजन किया गया। इस मौके पर समाज के महेश पलोड़, महेश लड्ढा, संदीप सारड़ा, रमेश हेड़ा, दिलीप लोया, चंद्रशेखर माहेश्वरी एवं नरेंद्र मंत्री खास तौर पर उपस्थित थे।









