उज्जैन की पहल: अब मिठाइयों में चांदी वर्क का नहीं होगा उपयोग

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने मिठाइयों पर चांदी के वर्क का उपयोग नहीं करने की अपील मिठाई विक्रेताओं से की है। इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। खाद्य सुरक्षा जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में कलेक्टर ने कहा चांदी का वर्क नकली हो सकता है। यह स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। मिठाइयों में चांदी वर्क का उपयोग नहीं करने की शुरुआत उज्जैन से की जा रही है। इस संबंध में मिठाई विक्रेताओं और कैटरर्स की मीटिंग जल्दी ही की जाएगी।

त्योहारों का इंतजार न करें : कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से कहा कि मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर की जाए। त्योहारों का इंतजार इसके लिए नहीं करें। सैंपलिंग की कार्रवाई भी हो। बैठक में होटल एसोसिएशन से आनंद गोराना, मिठाई नमकीन एसोसिएशन से हर्ष गुप्ता, क्षिप्रा उपभोक्ता संरक्षण समिति से कैलाश यादव व महेश ठाकुर और आहार विशेषज्ञ डॉ. लतिका व्यास भी मौजूद थीं।









