देसाई नगर में गड्ढा बना तालाब, शहर के कई इलाकों में फिसल रहे नागरिक

अफसर रोज दे रहे निर्देश बावजूद इसके सुरक्षा को लेकर संदेह

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर मे जगह-जगह चल रहे निर्माण कार्यों के आसपास सुरक्षा के इंतजाम बेहतर बनाने के लिए संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा रोज मौके पर जाकर निर्माण कर्ता एजेेंसियों को तमाम हिदायतें दे रहे हैं, इसके बाद भी ठेेकेदार सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं। ऐसे में कई जगह हालात जानलेवा हो गए हैं।
अब बारिश शुरू होते ही रहवासी क्षेत्रों में हालात बिगड़ गए हैं। सीवरेज के लिए खोदी गई लाइन की मरम्मत ठीक तरह से नहीं की। अब वो धंसकर सड़क पर नाली की तरह आकार ले चुकी है। लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। सड़क चौड़ीकरण की साइट से मौके से मलवा नहीं हटाया। अब यह फैल कर कीचड़ बन गया। सीवरेज के लिए खोदी गई सड़कों पर तो दलदल की तरह कीचड़ फैला है।
शिवधाम कॉलोनी : सड़क बनी दलदल
देवास रोड पर हामूखेड़ी के पास बनी शिवधाम कॉलोनी में पिछले दिनों सीवरेज लाइन डालने का काम शुरू हुआ है। यहां पर लाइन डालने के बाद सड़क को ठीक तरह से नहीं भरा गया और न ही मलवा हटाया गया। अब बारिश के बाद दलदलनुमा हालात हो गए हैं। एडवोकेट चंद्रेश तोमर ने बताया कि यहां पर अब पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
देसाई नगर : रात में बिजली बंद, हो सकता है हादसा
सांदीपिन चौराहे से उदयनमार्ग तक मार्ग चौड़ीकरण के लिए सड़क पर गहरे गड्ढे लंबे समय से खुदे पड़े हैं। अधिकारियों ने बारिश के पहले इनका लेबल पूरा करने के निर्देश दिए थे। जो नहीं हुआ। अब यहां बारिश का पानी भर गया है। रात में यहां स्ट्रीट लाइन बंद रहती है। अंधेरे में कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। बेरिकेटिंग भी ठीक ढंग से नहीं की गई है। निर्माणकर्ता ठेकेदार अमित जिंदल ने बताया कि बिजली के पोल शिफ्ट नहीं होने के कारण काम अटका है। पोल शिफ्ट होते ही काम तेजी से कर दिया जाएगा। वहीं बिजली विभाग के ईई जयेंद्र ठाकुर ने बताया कि यहां पर बिजली पोल शिफ्टिंग का काम भी नगर निगम ही कर रहा है।
वैशाली नगर : तीन महीने पहले खोदी सड़क अब नाली बन गई
वार्ड 42 में सेठी नगर के पास वैशाली नगर में करीब तीन महीने पहले सीवरेज लाइन के लिए सड़क खोदी गई थी। इसे ठीक तरह से रिपेयर नहीं किया गया। अब बारिश में यह खोदे गए सड़क का हिस्सा धंसकर नाली की तरह बन गया है। यहां के रहवासी एडवोकेट प्रेमसिंह बघेल ने बताया कि अब रोज इस नाली में गाडिय़ां फंस रही है। टूव्हीलर चालक फिसलकर घायल हो रहा है। आसपास का मलवा भी ठीक से साफ नहीं किया गया इस कारण सड़क पर कीचड़ के कारण फिसलन भी हो गई है।
कलेक्टर के साफ निर्देश : बारिश में सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बुधवार को निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए हैं मानसून को देखते हुए निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि बारिश के मौसम में आम जनता को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। जलभराव या खुले निर्माण कार्यों से जुड़े हादसों को रोकने के लिए विभाग मुस्तैद रहें।
उन्होंने अफसरों को हिदायत दी कि जो काम बारिश में भी जारी रह सकते हैं, उनकी गति बढ़ाई जाए। साथ ही, अगली बैठक में सभी अधिकारी अपने-अपने प्रोजेक्ट्स की पूरी जमीनी हकीकत और डेटा के साथ उपस्थित हों। बैठक में पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन विभाग, एमपीआरडीसी, उज्जैन विकास प्राधिकरण, हाउसिंग बोर्ड और ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों के जिला अधिकारी मौजूद थे।









