महाकाल मंदिर जाने की राह आसान, रिक्शा प्रतिबंधित होते ही सुधरा ट्रैफिक

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकाल मंदिर जाने वाले मार्ग और आसपास के रोड गुरुवार को साफ-सुथरे नजर आए। खासकर नीलकंठ द्वार जाने वाले बेगमबाग मार्ग पर ट्रैफिक सामान्य रहा। ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति कहीं नही दिखी।

गौरतलब है कि लंबे समय से महाकाल मंदिर जाने वाले मार्गों पर ट्रैफिक जाम रहता था। बेगम बाग, महाकाल घाटी, गुदरी चौराहा के आसपास से तो यह हालात रहते थे कि टू व्हीलर भी काफी मशक्कत के बाद निकलते थे। कार अगर यहां फंस जाए तो निकलने में घंटे-दो घंटे लगना मामूली बात थे। इस ट्रैफिक जाम का असर गोपाल मंदिर क्षेत्र, दौलतगंज और हरिफाटक ओवरब्रिज पर भी पड़ता था। ऐसे में पूरे क्षेत्र में ही अकसर ट्रैफिक जाम रहता था। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सामने आया कि इन ट्रैफिक जाम के पीछे ईरिक्शा और रिक्शा हैं, जो गलत तरीके से इन रास्तों पर दौड़ रहे हैं।
इस कारण प्रशासन ने हरिफाटक ब्रिज से महाकाल चौराहा (बेगमबाग, नीलकंठ द्वार), लोहे के पुल से महाकाल चौराहा, गुदरी से महाकाल चौराहा और चारधाम मंदिर से हरसिद्धि चौराहा तक के लिए ईरिक्शा व ऑटो रिक्शा को प्रतिबंधित कर दिया। गुरुवार को इस प्रतिबंध का पहला दिन था। रिक्शा के नहीं आने से पहला ही दिन सुकुनभरा रहा। सुबह से ही इन रास्तों पर पुलिस बल तैनात था और रिक्शा को आगे जाने से रोका।
लोहे का पुल-हरसिद्धि क्षेत्र में और सुधार की जरूरत
प्रतिबंध के बावजूद लोहे के पुल के क्षेत्र में कुछ रिक्शा घाटी की ओर जाती नजर आई। ऐसी ही स्थिति चारधाम मंदिर क्षेत्र की रहीं। यहां पर रिक्शा पीछे की गलियों से हरसिद्धि मंदिर की ओर जाती रही। यहां पर ठेला, फुटकर व्यापारियों ने भी काफी क्षेत्र में कब्जा जमा रखा है।









