‘केतन जिंदा है’ सुनते ही बदला सिया का चेहरा, बढ़ा शक

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब रोज नए खुलासे सामने आ रहे हैं। मृतक के पिता विशाल अग्रवाल ने दावा किया है कि घटना वाले दिन ही परिवार को सिया गोयल पर शक हो गया था। उनके मुताबिक, जब घटनास्थल पर मौजूद एक महिला पुलिसकर्मी ने कहा कि केतन अभी जिंदा है और उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए, तब सिया के हावभाव अचानक बदल गए। इसके बाद उसने परिवार के किसी भी सवाल का ठीक से जवाब नहीं दिया।

विशाल अग्रवाल ने बताया कि 18 जून को सिया की मां का फोन आया था, जिसमें कहा गया कि केतन लोहगढ़ किले से गिर गया है। परिवार मौके पर पहुंचा तो केतन को खाई से बाहर निकाला जा चुका था। उसका मुंह बंधा हुआ था और चेहरा खुलवाकर पहचान करनी पड़ी। अगले दिन जब सिया घर आई तो भी उसने यह नहीं बताया कि केतन कैसे गिरा। सवाल पूछे जाने पर उसकी बुआ उसे वहां से लेकर चली गई, जिससे परिवार का शक और गहरा गया।
CCTV, कॉल रिकॉर्ड और डिलीट चैट से खुली साजिश
परिवार ने सोसायटी के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें लौटते समय सिया सामान्य दिखाई दी और रोती हुई नजर नहीं आई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच में सिया के कॉल रिकॉर्ड भी अहम सबूत बने। पुलिस के अनुसार, जनवरी से 18 जून की सुबह तक सिया ने एक ही नंबर पर 2004 बार कॉल किए और करीब 338 घंटे बातचीत की। यह नंबर उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी का निकला।
पुलिस का कहना है कि हत्या से पहले और बाद में सिया और चेतन ने अपने मोबाइल से चैट हिस्ट्री डिलीट कर दी थी और रीसायकल बिन भी खाली कर दिया था। अब दोनों के मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि डिलीट डेटा रिकवर किया जा सके।
पुलिस का दावा- पहले भी हुई थी हत्या की कोशिश
जांच एजेंसियों के मुताबिक, केतन की हत्या अचानक नहीं हुई बल्कि इसकी पहले से योजना बनाई गई थी। पुलिस का दावा है कि 31 मई को लोहगढ़ किले की ट्रिप के दौरान सिया के मन में पहली बार हत्या का विचार आया। इसके बाद 14 जून को भी उसे पहाड़ी से धक्का देने की कोशिश की गई, लेकिन पेड़ का सहारा मिलने से केतन बच गया। उस समय सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाया था।
18 जून को तीसरी कोशिश में कथित तौर पर सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या से एक दिन पहले दोनों एक कैफे में मिले थे, जहां कथित तौर पर पूरी साजिश तैयार की गई थी। पुलिस का दावा है कि अगर यह योजना सफल नहीं होती तो बाद में सड़क हादसे के जरिए हत्या करने का बैकअप प्लान भी बनाया गया था।
परिवारों के अलग-अलग दावे, भाई ने भी दिया बयान
सिया की मां पूजा गोयल का कहना है कि उनकी बेटी शादी को लेकर खुश थी और अगर वह दोषी साबित होती है तो उसे भी कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वहीं पिता प्रवीण गोयल ने दावा किया कि केतन और सिया एक-दूसरे से प्यार करते थे और लोहगढ़ जाने का प्रस्ताव भी केतन ने ही रखा था।
दूसरी ओर, सिया के भाई साहिल गोयल ने पुलिस पूछताछ में कहा कि यदि सिया ने कभी शादी से इनकार किया होता तो परिवार रिश्ता तुरंत तोड़ देता। पुलिस ने उससे करीब 10 घंटे तक पूछताछ की और चेतन चौधरी से जुड़े कई पहलुओं की पुष्टि की। जांच में अब तक सात लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन की भूमिका अब तक की जांच में स्पष्ट होती नजर आ रही है। जल्द ही डमी बॉडी की मदद से घटनास्थल पर पूरे घटनाक्रम का रीक्रिएशन भी किया जाएगा। उधर, केतन के पिता ने पुलिस के उस दावे को भी खारिज किया है, जिसमें हत्या की वजह केतन का विग पहनना और हकलाना बताया गया था। उनका कहना है कि विग की जानकारी शादी तय होने से पहले ही सिया और उसके परिवार को दे दी गई थी।









