टैंकरों की कमी ने धीमे किए पेट्रोल पंप मशीनों के मीटर

उज्जैन। टैंकरों के पहियों ने शहर के कई पेट्रोल पंपों की मशीनों के मीटर धीमे कर दिए हैं। ऐसे में कई पंप रोजाना ही ड्राय हो रहे हैं। इसके चलते दूसरे पंपों पर भीड़ बढ़ रही है।

दरअसल,पंपों के ड्राय होने से ऐसी स्थिति बन रही है। उज्जैन में सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल कार्पोरेशन (आईओसीएल) भारत पेट्रोलियम कार्पोरशेन (बीपीसीएल), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरंशन (एचपीसीएल), निजी कंपनी रिलायंस और नायरा पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति करते हैं। तीनों सरकारी कंपनियों के इंदौर के मांगल्या में डिपो हैं।
आईओसीएल का रतलाम में भी डिपो है। डिपो से पेट्रोल-डीजल लाने के लिए डीलर को अपने टैंकर लगाने होते हैं, जिन डीलरों के पास अपने टैंकर हैं, उन्हें दिक्कत नहीं हो रही, लेकिन जो ट्रांसपोटर्स पर निर्भर हैं, उनको परेशानी हो रही है। ऐसे में आपूर्ति नहीं होने पर यह पंप अक्सर ड्राय रहते हैं। इसका असर आसपास के पंप पर होता है।
रविवार सुबह से शाम और सोमवार सुबह भी पंपों पर भीड़ देखी गई। ग्राहक को कम से कम 15 से 20 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। पेट्रोल पंप डीलर रवि लोहिया कहते हैं कि सप्लाई में दिक्कत नहीं है। कंपनियों के पास भरपूर स्टॉक है। हालांकि रविवार को डिपो बंद होने से सोमवार को कुछ जगह दिक्कत हुई होगी। लेकिन एडवांस टैंकर वाले पंपों पर समस्या नहीं थी।









